उदयपुर में होगा अदबी उड़ान 11वां राष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान समारोह
उदयपुर में होगा अदबी उड़ान 11वां राष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान समारोह
राज्यपाल पंजाब करेंगे साहित्यकारों का सम्मान
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
उदयपुर। अदबी उड़ान 11वां राष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान-2026 का आयोजन राजस्थान साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में 14 अक्टूबर 2026, बुधवार को प्रातः 11:00 बजे होगा।
अदबी उड़ान संस्था के अध्यक्ष खुर्शीद शेख़ 'खुर्शीद' ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक चण्डीगढ़ गुलाबचन्द जी कटारिया होंगे। कार्यक्रम के अनुसार देश के चुनिन्दा 20 साहित्यकारों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर अदबी उड़ान पत्रिका के 44 वें अंक 'भारत की साँस्कृतिक विरासत विशेषांक' का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही खुर्शीद शेख़ 'खुर्शीद' द्वारा स्वरचित 700 दोहों की पुस्तक 'अनमोल-मोती-दोहा सतसई' का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में "हिन्दी की विकास यात्रा में साहित्यकारों का योगदान" विषय पर पत्र-वाचन भी किया जाएगा।
राजस्थान साहित्य अकादमी के सचिव श्री बसन्त सिंह सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तो माननीय गुलाबचन्द कटारिया जी के जन्मोत्सव पर केक कटिंग व बधाई एवं सम्मान होगा। भोजन-ग्रहण के पश्चात कार्यक्रम के दूसरे चरण में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन होगा, जिसमें उदयपुर सहित अन्य राज्यों से पधारे रचनाकारों की रचनाओं का रसास्वादन भी प्राप्त होगा।
अदबी उड़ान के प्रकाशक इमरान शेख़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार अदबी उड़ान वरिष्ठ साहित्यकार सम्मान-2026 प्रो. डॉ. दिवाकर दिनेश गौड़-गोधरा (गुज.) व राजेन्द्र मोहन शर्मा-जयपुर को दिया जाएगा। ग़ज़ल साहित्यकार चाँद शेरी-कोटा व सुभाष मित्तल-अहमदाबाद (गुज.) कहानी में मीनू मीना सिन्हा-राँची (झारखण्ड) बाल साहित्य में सुमति श्रीवास्तव-जौनपुर (उ.प्र.) राजस्थानी भाषा में पवन कुमार पहाड़िया-डेह-नागौर (राज.), महिला साहित्यकार ममता यादव-भोपाल (म.प्र.) तथा नवोदित (महिला) सम्मान सुनीता शर्मा-गुरुग्राम (हरियाणा) को प्रदान किया जाएगा।
इसी के साथ अदबी उड़ान जीवन रक्षक सम्मान डॉ. गणेशलाल गायकवाड-बुलडाणा (महा.) व डॉ. उस्मान खाँ पठान-उदयपुर को मिलेगा। अदबी उड़ान विशिष्ट साहित्यकार सम्मान प्रो. विमल शर्मा-उदयपुर, प्रीति शर्मा-सोलन (हिमा.प्र.) हाजी ऐजाज़ अहमद-पिथौरागढ़, ऋतु अग्रवाल मेरठ (उ.प्र.), बाल मुकुन्द नन्दवाना-उदयपुर तथा ममता शर्मा आँचल-अलवर (राज.) को प्रदान किया जाएगा।