बस में लगी आग
बस में लगी आग जैसलमेर/ जैसलमेर जिले में फिर चलती बस में अचानक आग लग गई। इसी बीच धुंआं निकलने लगा। ऐसे में बस 500 मीटर तक धुंआ के साथ सड़क पर दौड़ती रही। जब यात्रियों को इसकी भनक लगी तो ड्राइवर को बताया।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। बस जैसलेमर से दिल्ली जा रही थी। इस दौरान बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि साइलेंसर के पास अचानक आग लगने से धुआं उठने लगा था। गजराज ट्रेवल्स की बस दोपहर में जैसलमेर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। जोधपुर रोड पर डेजर्ट टुलिप होटल के सामने पहुंचते ही बस के आगे के हिस्से और साइलेंसर से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ता गया और बस को अपनी चपेट में लेने लगा जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।घटना के दौरान सड़क किनारे खड़े राहगीरों ने बस से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तुरंत शोर मचाया और हाथ हिलाकर ड्राइवर को सतर्क किया।
ड्राइवर ने स्थिति देखकर तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस रुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और डर के कारण सभी 30 से अधिक यात्री तुरंत नीचे उतर गए.घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी भैरूदान के अनुसार सूचना मिली थी और टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 10 मिनट में तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।