60लाख की धोखाधड़ी
60लाख की धोखाधड़ी जोधपुर / सरदारपुरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को नकली सोना देकर करीब 60 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
थाने में दी रिपोर्ट में सुनील कुमार पुत्र ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि वह जयपुर में चौड़ा रास्ता स्थित एक कोरियर कंपनी का ब्रांच ओनर है। उन्हें कंपनी की बेंगलुरु ब्रांच से ज्वेलरी का पार्सल आया। इसे रूकमणि ज्वेलर्स जोधपुर को डिलीवर करना था।
रिपोर्ट में सुनील ने बताया कि वह 2 अक्टूबर को जयपुर से रात 11:00 बजे बस से रवाना होकर प्रातः 5:30 बजे जोधपुर पहुंचा। यहां पहुंचने पर रूकमणि ज्वेलर्स के प्रतिनिधि से फोन पर बात की। इस पर प्रतिनिधि बोला कि उनका कारीगर महेंद्र पार्सल लेने आ रहा है। महेंद्र के नंबर उन्होंने सुनील को वॉट्सऐप पर भेज दिए। फिर वह पार्सल महेंद्र को दे दिया। रूकमणि ज्वेलर्स के प्रतिनिधि से बात करवा दी। इसके बाद पार्सल के बदले 500 ग्राम सोना सुनील को उनसे लेना था। महेंद्र ने सोने का 500ग्राम बिस्किट उसे दे दिया। इसके बाद वह वापस जयपुर चला गया और 500 ग्राम सोना बेंगलुरु ब्रांच में पहुंचा दिया।
बेंगलुरु में पार्सल का वजन चेक किया तो उसमें 500 ग्राम वजन की बजाय 384 ग्राम वजन निकला। इसके बाद उस सोने के बिस्किट की जांच की गई तो वह भी नकली पाया गया। इसके बाद उन्हें बेंगलुरु से फोन आया और पूरी घटना की जानकारी दी गई। इस पर सुनील ने फोन किया तो दोनों नंबर बंद आ रहे हैं। सुनील ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कवाया है।