35करोड़ की लागत से बनेगा अस्पताल
35करोड़ की लागत से बनेगा अस्पताल जैतारण/जैतारण में नवीन राजकीय उप जिला अस्पताल का भूमि पूजन शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्मित होने वाले इस अस्पताल पर लगभग 35 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि यह मॉडर्न अस्पताल लगभग 18 माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें आधुनिक लैबोरेट्रीज, एक्स-रे रूम, ऑपरेशन थिएटर और स्पेशल वार्ड सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गहलोत ने कहा कि जैतारण क्षेत्र के लोगों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह अस्पताल यहां के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिते 30 सितंबर को इस अस्पताल परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसका भूमि पूजन अब सम्पन्न हुआ है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में ब्यावर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, पंचायत समिति प्रधान मेघाराम सोलंकी, नारायण नाथ रास, संत तपस्वी महाराज, नगर पालिका उपाध्यक्ष ललित भागीरथ सोनी सहित आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के सरपंच, शहर के अधिकारी, हॉस्पिटल स्टाफ और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।