कड़ी मेहनत और अनुशासन ही बच्चों को सही दिशा में ले जाते हैं : डॉ. देवेंद्र चौधरी
कड़ी मेहनत और अनुशासन ही बच्चों को सही दिशा में ले जाते हैं : डॉ. देवेंद्र चौधरी
भीषण ठंड के बीच गर्म स्वेटर पाकर बच्चों के खिले चेहरे
रिपोर्ट वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। कड़ी मेहनत और अनुशासन ही बच्चों को सही दिशा में ले जाएगा। उक्त उद्गार डॉ देवेन्द्र चौधरी ने निकटवर्ती गोदेलाव के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में बुधवार को 108 बच्चों को ऊनी स्वेटर वितरित करते हुए व्यक्त किए उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और घर पर माता-पिता की मदद करते हुए एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक सोनू सोलंकी के प्रयासों से भामाशाह डॉक्टर दंपती डॉ. देवेंद्र चौधरी और डॉ. आशा चौधरी ने बच्चों को 108 स्वेटर भेंट किए। स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। डॉक्टर दंपति इससे पहले भी विद्यालय को सत्रारंभ पर स्टेशनरी और पिछले सत्र में चप्पल, स्वेटर, जूते-मोज़े उपलब्ध करा चुके हैं। यह उनके विद्यालय और बच्चों के प्रति विशेष स्नेह को दर्शाता है। इस अवसर पर डॉ. आशा चौधरी ने बच्चों को ठंड से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और सर्दियों में होने वाली बीमारियों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सर्दी बच्चों की पढ़ाई में बाधा न बने।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह ने भामाशाह दंपती का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके मार्गदर्शन से बच्चों में सीखने की उत्सुकता बढ़ी है। यह पहल न केवल बच्चों को ठंड से राहत देगी, बल्कि पूरे गोदेलाव क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश भी देगी।
इस कार्यक्रम में शोभा कंवर, लीला चौधरी, शबनम मौलानी, धूलाराम चौहान सहित विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणजन उपस्थित थे।