राजकीय कन्या महाविद्यालय लाडनूं में 23 दिसंबर को होगी राज्यस्तरीय हिन्दी वाद–विवाद प्रतियोगिता
राजकीय कन्या महाविद्यालय लाडनूं में 23 दिसंबर को होगी राज्यस्तरीय हिन्दी वाद–विवाद प्रतियोगिता
वरिष्ठ पत्रकार पवन पहाड़िया
लाडनूं। राजकीय कन्या महाविद्यालय, लाडनूं में ‘बाँगड़ ट्रस्ट, कोलकाता’ के आर्थिक सहयोग से 23 दिसंबर 2025 को *“सेठ रंगनाथ बाँगड़ स्मृति अखिल राजस्थान अंतर-महाविद्यालय हिन्दी वाद–विवाद प्रतियोगिता” आयोजित होगी। प्रदेश भर के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी *कैशलेश-अर्थव्यवस्था ही भ्रष्टाचार नियंत्रण का एकमात्र प्रभावी उपाय है* विषय पर अपने पक्ष–विपक्ष के तर्क रखेंगे। कार्यक्रम प्रातः 10:15 बजे महाविद्यालय परिसर में आरंभ होगा।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः ₹11,500, ₹8,000 और ₹5,500 के निर्धारित किए गए हैं, जबकि पाँच प्रतिभागियों को ₹1,100 के प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बाँगड़ ट्रस्ट की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र एवं स्मृति-चिह्न दिए जाएंगे। प्रतिभागी दल के यात्रा व्यय का वहन संबंधित संस्थान द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता की सूचना राजस्थान के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों को ईमेल के माध्यम से भेजी जा चुकी है।
महाविद्यालय प्राचार्य एवं संरक्षक *डॉ. गजादान चारण* ने बताया कि वाद–विवाद प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में अभिव्यक्ति, विश्लेषण क्षमता तथा समसामयिक आर्थिक विषयों की समझ को विकसित करना है। प्रतियोगिता संयोजक *सुरेन्द्र कागट* ने बताया कि महाविद्यालय ने प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं और प्रतिभागी दलों के आगमन हेतु विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं।