पंचायत धींगाणा की एक्सपोजर विजिट पर पहुंचे गुजरात के प्रतिनिधि

पंचायत धींगाणा की एक्सपोजर विजिट पर पहुंचे गुजरात के प्रतिनिधि

ग्राम पंचायत धींगाणा की एक्सपोजर विजिट पर पहुंचे गुजरात के पंचायती राज प्रतिनिधि

पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत धींगाणा की कार्यप्रणाली और विकास मॉडल को देखने हेतु गुजरात राज्य के पंचायती राज विभाग के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों के एक दल ने एक्सपोजर विजिट की।

ग्राम विकास अधिकारी संदीप चौधरी ने बताया कि मारवाड़ की परंपरा के अनुसार आगंतुक अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा माल्यार्पण व साफा पहनाकर उनका बहुमान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी, जिला परिषद जोधपुर महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने ग्राम पंचायत की स्थापना से लेकर वर्तमान तक किए गए विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अल्प समय में निर्मित भव्य पंचायत भवन मॉडल तालाब घाट विभिन्न गलियों में खरंजा निर्माण सीवरेज लाइन कार्य सहित अन्य विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।

स्थानीय सरपंच बीरबल राम बिश्नोई ने ग्राम पंचायत में किए गए स्वच्छता संबंधी कार्यों की जानकारी देते हुए स्वच्छता एवं मनरेगा कार्यों में आने वाली चुनौतियों से भी अवगत कराया। वहीं सोहन लाल पंवार ने हरित ग्राम पंचायत, चारागाह विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।

गुजरात के आनंद जिले के जिला प्रमुख हंसमुख भाई पटेल प्रोफेसर लीना सहित दल के सभी सदस्यों ने ग्राम पंचायत धींगाणा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने ग्राम पंचायत धींगाणा को एक मॉडल पंचायत बताते हुए इसकी तर्ज पर गुजरात की ग्राम पंचायतों में भी विकास कार्य करने और मॉडल पंचायतें विकसित करने का संकल्प लिया।

गुजरात के विभिन्न जिलों से आए पंचायत प्रधानों पंचायत समिति सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्यों ने ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों और जन सहभागिता से प्रेरणा ली। इस दौरान कनिष्ठ सहायक राणा चौधरी पटवारी ममता विश्नोई वीरेंद्र पुखराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। एक्सपोजर विजिट टीम ने ग्राम पंचायत धींगाणा के साथ साथ ग्राम पंचायत खेजड़ली एवं मोगड़ा की भी विजिट की।