रोजगार उत्सव का हुआ सीधा प्रसारण,
प्रधानमंत्री के मुख्य आतिथ्य में पचपदरा से रोजगार उत्सव का हुआ सीधा प्रसारण, जोधपुर में 1795 नव चयनित अभ्यर्थियों ने लिया भाग*
*-केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने सांकेतिक रूप से 20 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र*
जोधपुर, 4 जुलाई। जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल रहे। जिले के विभिन्न विभागों में चयनित 1795 नव नियुक्त अभ्यर्थियों ने समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी, पचपदरा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से नव नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने सांकेतिक रूप से 20 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति सबसे बड़ी पूंजी : गजेन्द्र सिंह शेखावत*
केंद्रीय मंत्री
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर तेजी से एक समर्थ, समृद्ध और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि अमृतकाल में सरकारी सेवा से जुड़ने वाले युवा केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सहभागी हैं।
उन्होंने कहा कि बदलते भारत की तस्वीर देशभर में दिखाई दे रही है और जोधपुर भी विकास की इस यात्रा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जोधपुर को आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल, रिंग रोड के द्वितीय चरण तथा एलिवेटेड रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है। दो हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत से विकसित रिंग रोड शहर के यातायात को नई गति देगी, वहीं एलिवेटेड रोड भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल एवं हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास से जोधपुर नई संभावनाओं की ओर अग्रसर है।
*रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल : श्री जोगाराम पटेल*
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार ने पांच वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य निर्धारित किया है और रोजगार उत्सव इसी संकल्प का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने बताया कि रोजगार उत्सव की आठ श्रृंखलाओं के माध्यम से अब तक 1 लाख 22 हजार 278 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। नौवें रोजगार उत्सव में प्रदेशभर के 53 हजार 977 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। इस प्रकार वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 1 लाख 76 हजार 255 युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के लगभग 92 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है। वर्षों से लंबित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं वाहन चालक भर्ती को पुनः प्रारंभ कर अल्पशिक्षित युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। वर्तमान रोजगार उत्सव में 45 हजार 413 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं तथा लगभग 24 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती का विज्ञापन भी शीघ्र जारी किया जाएगा।
*सरकारी सेवा जनसेवा का सशक्त माध्यम : पी.पी. चौधरी*
पाली सांसद श्री पी.पी. चौधरी ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, पारदर्शिता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
कार्यक्रम में शहर विधायक अतुल भंसाली, शेरगढ विधायक श बाबू सिंह राठौड़, राजेन्द्र पालीवाल, त्रिभुवन सिंह भाटी, पूर्व राज्यमंत्री प्रो. महेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी, जिला कलक्टर आलोक रंजन, जोधपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त उत्साह चौधरी सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नव नियुक्त कार्मिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।