सैनी समाज का 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
Demonstration,Saini,community,regarding,11point,demands
सैनी समाज का 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
दौसा। बांदीकुई में आरक्षण सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर सैनी समाज ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। सैनी समाज के सदस्यों ने सरकार को 25 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया है। सैनी समाज के सदस्यों ने अपनी आरक्षण सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी रामसिंह राजावत को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 25 फरवरी तक उनकी मांगें स्वीकार नहीं की गईं। तो वे विधानसभा का घेराव करेंगे। साथ ही राज्य में आंदोलन शुरू करेंगे।
इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से आंदोलनरत हैं। लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकल पाया है। इसी कारण सैनी समाज ने सरकार को यह अंतिम चेतावनी दी है। मांगों में सैनी, माली, कुशवाहा, मौर्य और सुमन समाज को अलग से 12 प्रतिशत आरक्षण देना शामिल है। इसके अलावा सरकार द्वारा गठित महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड को देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार देने और उसमें पदाधिकारियों की तुरंत नियुक्ति की मांग भी की गई है। वहीं अन्य मांगों में महान संत लिखमीदास महाराज की जन्मस्थली मंदिर नागौर को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना, भारतीय सेना में सैनी रेजिमेंट का गठन, महात्मा ज्योतिबा फुले दंपती को भारत रत्न से सम्मानित करना और आंदोलन के दौरान सरकार द्वारा दर्ज सभी मुकदमों को वापस लेना शामिल है।
ज्ञापन देते समय फुले आरक्षण संघर्ष समिति के तहसील अध्यक्ष छुट्टन लाल आमाली, महात्मा ज्योतिबा फुले अध्यक्ष प्रमोद सीमला, सैनी समाज तहसील अध्यक्ष कानाराम सैनी, मंडी अध्यक्ष कजोड़ सैनी, मुकेश सैनी बसवा, हरिराम सैनी बसवा, राजेंद्र सैनी आभानेरी सहित समाज के लोग उपस्थित रहे।