568वां जोधपुर स्थापना दिवस समारोह समारोह 12 मई को
568वां जोधपुर स्थापना दिवस समारोह समारोह 12 मई को
*मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए 19 प्रतिभाएं को मारवाड़ रत्न सम्मान*
*सांसद राव राजेन्द्रसिंह शाहपुरा के मुख्य आतिथ्य एवं महाराजा गजसिंह की अध्यक्षता में होगा समारोह*
जोधपुर 10 मई । जोधपुर का 568 व स्थापना दिवस समारोह मंगलवार, 12 मई को आयोजित होगा । जोधपुर के संस्थापक राव जोधाजी ने 568 वर्ष पूर्व चिड़िया टूक पर महरानगढ़ दुर्ग की नींव 12 मई 1459 को रखी थी।
*जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य गज सिंह की अध्यक्षता में होगा समारोह*
महरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजयसिंह शेखावत ने बताया कि समारोह राव राजेन्द्रसिंह शाहपुरा सांसद, जयपुर ग्रामीण लोकसभा के मुख्य आतिथ्य में होगा और समारोह की अध्यक्षता महाराजा गजसिंह करेंगे। इस अवसर 'मारवाड़ वीर शिरोमणी' सम्मान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 19 प्रतिभाओं को मारवाड़ रतन सम्मान से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा।
*वीर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि*
12 मई को प्रातः 8.30 बजे से स्व. ताराचंदजी, एस.पी. पुलिस एवं स्व. मेजर शैतानसिंह की प्रतिमा पावटा चौराहे पर महाराजा गजसिंह द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रातः 9.00 बजे से जयपोल के बाहर स्थित मारवाड़ के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी जिसमें सर्वप्रथम जसवन्तथड़ा स्थित राव जोधाजी की अश्वारूढ़ मूर्ति, गुमानसिंह राजपुरोहित इंद्रराज छतरी ठा. श्याम चौहान राखी जयपोल के बाहर गणेशजी की मूर्ति दुर्गादास खीची एवं अन्य वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी तत्पश्चात् जयपोल के भीतर किरतसिंह सोढ़ा की छतरी बहादुरसिंह तँवर की तस्वीर शहीद भूरे खाँ की मजार एवं राजाराम मेघवाल के स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। महाराजा गजसिंह द्वारा जोधपुर के संस्थापक राव जोधाजी के फलसे पर विधिवत पूजा अर्चना की जायेगी।
*मुख्य समारोह मारवाड़ इण्टरनेशनल सेण्टर में होगा*
जोधपुर स्थापना दिवस का मुख्य व समारोह महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित मारवाड़ इण्टरनेशनल सेण्टर , जोधपुर में प्रातः 10:30 बजे आयोजित होगा ।
*मारवाड़ रतन सम्मान से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाएँ होंगी सम्मानित*
इस वर्ष विशेष सम्मान सहित कुल 19 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जायेगा जिनमें परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर शैतानसिंह भाटी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उनके द्वारा रेजांगला में अदम्य वीरता, सर्वोच्च
बलिदान मातृभूमि की रक्षार्थ प्राण न्यौछावर करने और राष्ट्र को गौरवान्वित करने के उपलक्ष्य में अमर शहीद परमवीर मेजर शैतानसिंह को "मारवाड़ वीर शिरोमणी सम्मान", अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञ एवं कृषि संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणीय एवं विशिष्ट कार्यों से लाखों किसानों को सशक्त बनाने के क्षेत्र में स्थायी महत्व की दीर्घकालीन उच्च स्तरीय उत्कृष्ट सेवाओं के उपलक्ष्य में डॉ. एम.एल. जाट को राव सीहा सम्मान, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर विदेशी मूल के नागरिक द्वारा मारवाड़ के लिए स्थायी महत्व की सेवाओं के लिए मिस्टर एलन वैबर को महाराज सर प्रतापसिंह सम्मान, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए श्री श्याम कुम्भट को राव जोधाजी सम्मान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. ईशा दीक्षित व डॉ. प्रणव दीक्षित को महाराजा हनवन्तसिंहजी सम्मान, सामान्य नागरिक अथवा रक्षाकर्मियों के लिए असाधारण बहादुरी एवं अद्वितीय शौर्य के क्षेत्र में विंग कमाण्डर दीपिका मिश्रा को मेजर दलपतसिंह (एम.सी.) सम्मान, राजस्थानी लोक संगीत एवं जातीय संगीत की विद्या और मौखिक परम्पराओं के उन्नयन में स्थायी महत्व के दीर्घकालीन उच्च स्तरीय योगदान के लिए प्रो. जॉन डी. स्मिथ को पद्मभूषण कोमल कोठारीजी सम्मान, संरक्षण, जीर्णोद्धार, डिजाइन और पारम्परिक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान हेतु कंजर्वेटर मैमुना नरगिस जैदी को कुंवर करणीसिंह जसोल सम्मान, राजस्थानी लोक संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उमर मोहम्मद को महाराजा विजयसिंहजी सम्मान, शिक्षा एवं राजस्थानी साहित्य लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन उच्चस्तरीय योगदान के लिये डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को महाराजा मानसिंहजी सम्मान, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री श्यामसुन्दर पालीवाल को एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह सम्मान, महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट योगदान एवं स्थायी महत्व की दीर्घकालीन उच्च स्तरीय सेवाओं के लिए श्रीमती सरिता राठौड़ को राजदादीसा बदन कंवर भटियाणी सम्मान बालिका शिक्षा के क्षेत्र में की गई स्थायी महत्व की दीर्घकालीन उच्च स्तरीय सेवाओं के लिए मोहनसिंह राठौड़ को एच.एच. राजमाता कृष्णाकुमारी सम्मान, क्षेत्रीय संस्कृति और विरासत संरक्षण एवं संवर्द्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रीमती झीमा देवी को एच.एच. महाराजा गजसिंहजी (द्वितीय) सम्मान, पैरा एथलेटिक्स व ताइक्वांडो खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर किये गये उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में श्री संदीपसिंह मान को चिरंजीव युवराज शिवराजसिंह सम्मान, ओरण एवं थार का पर्यावरण, लोक संस्कृति, रेगिस्तानी, आदिवासी भील, हस्तशिल्प विषयों पर शोधपूर्ण लेखन व पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. भुवनेश जैन को मुहता नैणसी सम्मान, जैसलमेर बस अग्निकाण्ड दुर्घटना में कुछ लोगों की जान बचाने के शौर्यपूर्ण कार्य के उपलक्ष्य में श्री रफीक खान को राजाराम मेघवाल सम्मान राजस्थानी भाषा और साहित्य को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये नागराज शर्मा को पद्मश्री सीतारामजी लालसजी सम्मान एवं राजस्थानी भाषा (काव्य) साहित्य के उन्नयन में स्थायी महत्व की दीर्घकालीन उच्च स्तरीय सेवाओं के उपलक्ष्य में डॉ. मंगत बादल को डॉ. नारायणसिंह भाटी 'मालूंगा' सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।
*तीन पुस्तकों का होगा लोकार्पण*
उम्मेद पैलेस के पी आर ओ राजेन्द्रसिंह राठौड़ लिलियां ने बताया कि मुख्य समारोह में तीन पुस्तकों का लोकार्पण किया जायेगा जिसमें डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर द्वारा लिखित व रिड़मलोत समाज विकास एवं कल्याण ट्रस्ट मारवाड़ द्वारा प्रकाशित 'रिडमलोत राठौड़ों का गौरवशाली इतिहास" मेजर चन्द्रकान्तसिंह द्वारा लिखित पुस्तक 'मिरेकल एट हाईफा-दी मास्टर एण्ड दी महाराजास' एवं प्रो. एल.एन. हर्ष द्वारा लिखित पुस्तक "ए रॉयल ट्री ऑफ मारवाड़ स्टेट प्रोसोपिस जुलिफ्लोरा हिस्टोरिकल इण्टरोडक्शन इकॉलोजी मैनेजमेण्ट एण्ड यूटीलाईजेशन्स" का लोकार्पण किया जायेगा।
*संगीत प्रस्तुति*
इस अवसर पर हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में मास्टर्स, पीएचडी प्राप्त व हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की बनारस घराने की प्रमुख प्रतिपादक पद्मश्री से सम्मानित बनारस गायन में विशेषज्ञ और ठुमरी, टप्पा, होरी, चौती, कजरी, कंकतं और ग़ज़ल में सिद्धहस्त शास्त्रीय संगीत गायिका डॉ. सोमा घोष द्वारा एवं जोधपुर राजपरिवार के राजनगारची एवं माण्ड गायक व नगारा वादक उमर मोहम्मद द्वारा संगीत की प्रस्तुति दी जायेगी।
*निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरण*
जोधपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर जोधपुर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को महाराजा गज सिंह जी द्वारा प्रमाण पत्र वितरण किये जायेंगे जिसमें राजमाता कृष्णाकुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, मयूर स्कूल चौपासनी सैनिक श्री हनवन्त सीनियर सैकेण्डरी अंग्रेजी माध्यम स्कूल चौपासनी दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ब्रिगेडियर जब्बरसिंह सीनियर सेकेण्डरी स्कूल बीजेएस और विद्याश्रम ग्लोबल स्कूल, जोधपुर मुख्य है।