55 साल बाद मिलेंगी बलिया स्कूल की सहेलियाँ

55 साल बाद मिलेंगी बलिया स्कूल की सहेलियाँ

*55 साल बाद मिलेंगी बलिया स्कूल की सहेलियाँ: पाली में कल होगा ऐतिहासिक स्नेहमिलन समारोह*

*150 से अधिक पूर्व छात्राएं होंगी शामिल, देश के कोने-कोने से पहुँच रहीं*

पाली :- स्थानीय सेठ मुकनचंद बलिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सन् 1965 से 1975 के बीच पढ़ीं पूर्व छात्राओं का एक भव्य और ऐतिहासिक स्नेहमिलन समारोह शुक्रवार, 26 जून 2026 को रोटरी भवन में आयोजित होने जा रहा है। करीब 55 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस अनूठे आयोजन को लेकर पूर्व छात्राओं में भारी उत्साह है।

*यादें होंगी ताजा, सहेलियाँ साझा करेंगी संस्मरण :*
समारोह की संयोजक श्रीमती कमला पंच बोहरा ने बताया कि इस विशेष पुनर्मिलन (Reunion) में देश के विभिन्न शहरों से लगभग 150 पूर्व छात्राएँ भाग ले रही हैं। इनमें से कई सहेलियाँ दशकों बाद एक-दूसरे से मिलेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली जीवन की मधुर स्मृतियों को पुनर्जीवित करना, बिछड़े दोस्तों को एक मंच पर लाना और आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना है।

*यह दिग्गज रहेंगे उपस्थित :*
इस ऐतिहासिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख मौजूद रहेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सभापति व पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र बोहरा, पाली जिला कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी, राजेंद्र मेड़तिया तथा पूर्व पार्षद विकास बुबकिया शिरकत करेंगे। इनके अलावा शहर के कई अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे।

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सम्मान समारोह होगा खास:*
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्राओं का परिचय सत्र होगा। इसके साथ ही पुरानी तस्वीरों और वीडियो क्लिप्स का प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विद्यालयीन संस्मरणों का वाचन और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उस दौर के अनुशासन, शिक्षण व्यवस्था और गुरुजनों के अमूल्य योगदान को भी याद किया जाएगा।

*तैयारियों को दिया अंतिम रूप :*
समारोह को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। कई छात्राएँ इस पल का हिस्सा बनने के लिए सैकड़ों-हजारों किलोमीटर का सफर तय कर पाली पहुँच चुकी हैं। आयोजकों ने इसे महज एक मिलन नहीं, बल्कि मित्रता, संस्कारों और यादों का उत्सव बताया है। आयोजन समिति की रेखा रतन कटारिया व चंद्रा मुथा ने सभी पंजीकृत प्रतिभागियों से समय पर पहुँचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।