होद में डूबने से मासूम बच्ची की मौत
होद में डूबने से मासूम की मौत पाली। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा कॉलोनी में बुधवार को मकर संक्रांति के दिन घर में खेल रही 3 वर्षीय मासूम तमन्ना उर्फ तनु की पानी के हौद में गिरने से डूबकर मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का उजाला छीन लिया बल्कि पूरे मोहल्ले की आंखें नम कर दीं।
जानकारी के अनुसार दुर्गा कॉलोनी निवासी निर्मल कुमार की पुत्री तमन्ना उर्फ तनु अपने दादाजी के पास घर में खेल रही थी। इसी दौरान दादाजी किसी काम से दूसरे कमरे में चले गए। कुछ समय बाद जब वे लौटे तो बच्ची कमरे में नहीं मिली। इसके बाद दादाजी ने आसपास तलाश की और परिजनों को इसकी सूचना दी।मोहल्ले के लोग भी तनु को ढूंढ़ने में जुट गए। इसी दौरान घर में बने पानी के होद पर परिजनों की नजर पड़ी तो तनु बेसुध हालत में मिली। उसे तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।