फूलपुरी के खिलाफ मामला हुआ दर्ज
फूलपुरी के खिलाफ मामला हुआ दर्ज जाड़न /ॐ आश्रम जाड़न में रहने वाले संत फूलपुरी के खिलाफ एक ओर मामला शिवपुरा थाने में दर्ज हुआ है। जिसमें उन पर षड्यंत्र रचकर ट्रस्ट की सम्पत्तियों को हड़पने और प्रशासन को अपने कब्जे में लेने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की।
पाली जिले के देसूरी थाना क्षेत्र के नीपल गांव निवासी 70 साल के चंदनलाल गर्ग पुत्र पुखराज गर्ग ने रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि वह जाडन आश्रम के महामंडलेश्वर महेश्वरानंद के भुआ का बेटा भाई है और नजदीकी रिश्तेदार है।
ट्रस्टों की गतिविधियों से निरंतर रूप से जुड़ा हुआ है। स्वामी महेश्वरानन्द की ओर से राजस्थान सहित देश-विदेश में अनेक मंदिर आश्रम एवं गौशालाएं स्थापित की गई हैं, जिनके संचालन एवं प्रशासन के लिए ट्रस्ट गठित कर न्यासी नियुक्त किए गए हैं। जयपुर स्थित श्री विश्वगुरुदीप आश्रम, श्यामनगर इन सभी ट्रस्टों का प्रमुख शाखा कार्यालय है, जहां वह खुद समय-समय पर दर्शन, पूजा एवं सत्संग कार्यक्रमों में सम्मिलित होते है।
रिपोर्ट में बताया कि पिछले करीब दो सालों से स्वामी महेश्वरानन्द का स्वास्थ्य कमजोर है। वे बोलने, समझने एवं व्यक्तियों को पहचानने में असमर्थ हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में वे किसी भी प्रकार का स्वतंत्र, स्वैच्छिक एवं वैधानिक निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। इसी दुर्बलता एवं असहाय स्थिति का अनुचित लाभ उठाते हुए जाडन आश्रम में रहने वाले संत फूलपुरी सुनियोजित एवं आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए ट्रस्ट के प्रबंधन एवं संपत्तियों को हड़पने का प्रयास किया है।