पर्यावरण संरक्षण संबंध में मुकाम में आज विश्नोई समाज की महापंचायत
पर्यावरण संरक्षण संबंध में मुकाम में आज विश्नोई समाज की महापंचायत
बीकानेर/पर्यावरण संरक्षण एवं खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत बिश्नोई समाज द्वारा आज को मुक्तिधाम मुकाम, नोखा (बीकानेर) में एक विशाल माहापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। यह माहापंचायत हाल ही में राज्य सरकार द्वारा हरे वृक्षों को काटने पर मात्र ₹1000 का जुर्माना निर्धारित किए जाने के निर्णय के विरोध में आयोजित की जा रही है।
बिश्नोई समाज लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण विशेष रूप से राज्य वृक्ष खेजड़ी के संरक्षण के लिए कठोर कानून बनाने की मांग करता आ रहा है। समाज का कहना है कि एक हजार का जुर्माना हरे वृक्षों की अंधाधुंध कटाई को बढ़ावा देगा जो पर्यावरण जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए घातक है।
इस सरकार के पर्यावरण विरोधी फैसले के खिलाफ बिश्नोई समाज के साथ-साथ संपूर्ण पर्यावरण प्रेमियों को एकजुट कर एक मजबूत और संगठित आंदोलन खड़ा किया जाएगा। राजस्थान सहित देशभर के संतों के सानिध्य में मुकाम में आयोजित इस माहापंचायत में आंदोलन की आगामी रणनीति एवं रूपरेखा तय की जाएगी।
इस क्रम में जोधपुर सहित विभिन्न जिलों से हजारों पर्यावरण प्रेमी महापंचायत में भाग लेकर खेजड़ी एवं हरे वृक्षों की सुरक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष का ऐलान करेंगे।