आरबीएसई : 1 जनवरी से 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम जानिए गाइडलाइन
*_आरबीएसई : 1 जनवरी से 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम, जानिए गाइडलाइन_*
अजमेर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) 12वीं कक्षा के नियमित विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल परीक्षा 1 से 20 जनवरी 2026 और प्राइवेट विद्यार्थियों की 25 से 31 जनवरी तक लेगा. बोर्ड ने परीक्षकों को प्रैक्टिकल के दौरान संबंधित स्कूलों में लिए जा रहे एग्जाम की फोटोग्राफी कराने के निर्देश दिए. परीक्षक को फोटोग्राफ ईमेल आईडी bserpracticalgpsimages@gmail.com के जरिए बोर्ड को भेजने होंगे.
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा की मुख्य परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर चुके हैं. इस बार बोर्ड की मुख्य परीक्षा में कुल 19 लाख 86 हजार 422 विद्यार्थी परीक्षा देंगे. 1 जनवरी से 12वीं कक्षा के प्रैक्टिकल एग्जाम शुरू होंगे. बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान विद्यालय में निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थी की परीक्षा उसी परीक्षक की ओर से उसी विद्यालय में ली जाएगी. अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थी की परीक्षा अन्य के बीच में ली जा सकेगी लेकिन इसके लिए शाला प्रधान की विशेष अनुमति जरूरी होगी. बोर्ड के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी स्थिति में अन्य परीक्षक या अन्य विद्यालय में परीक्षा की अनुमति नहीं दी जाएगी. ऐसे में परीक्षार्थी को अनुपस्थित माना जाएगा. परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा. उसके लिए विद्यार्थी और शाला प्रधान जिम्मेदार होंगे.
समस्या आने पर यहां करें संपर्क: राठौड़ ने बताया कि प्रैक्टिकल परीक्षा शुरू होने से संपन्न होने तक बोर्ड कार्यालय की गोपनीय शाखा में कंट्रोल रूम बनाया गया है. इसके फोन नंबर 0145-2620739 2623776 हैं. यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो bserconf2018@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है. फोन नंबर 0145-2632865 2627454 पर भी संपर्क कर सकते हैं. प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा.
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बोर्ड के निर्देश
प्रैक्टिकल परीक्षा संबंधी सामग्री मसलन ग्राफ पेपर ड्रॉइंग शीट्स उत्तर पुस्तिकाएं आदि बोर्ड के बनाए वितरण केंद्रों पर भेजी जाएगी. शाला प्रधान वितरण केंद्र से परीक्षा सामग्री ले सकते हैं.
विषयवार नियुक्त बाह्य परीक्षकों की सूची प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए निर्देश और रोल नंबर आदि बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड हैं, जहां शाला प्रधान आईडी पासवर्ड से निर्देशों का प्रिंटआउट ले सकते हैं.
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए आवश्यक सूचनाओं भी वेबसाइट पर समय समय पर अपलोड की जाएगी. शाला प्रधान परीक्षा अवधि के दौरान नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहें.
बाह्य परीक्षकों को नियुक्ति की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस से दी जाएगी. उसके बाद परीक्षकों को लॉगिन करने पर आवंटित विद्यालयों की सूची और नियुक्ति पत्र मिलेंगे.