महिला सम्मेलन में लाभार्थियों को योजनाओं के किए चैक वितरित
Checks,schemes,distributed,the,beneficiaries,women,conference
महिला सम्मेलन में लाभार्थियों को योजनाओं के किए चैक वितरित
दौसा। राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला परिषद सभा भवन में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें लाभार्थियों को पालनहार, पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति व पेंशन योजनाओं के चैक वितरित किए गए। इस दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का प्रेरणादायी उद्बोधन लाइव सुना।
कार्यक्रम में बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला, जगमोहन मीणा ने महिलाओं को पालनहार व सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं तथा छात्र-छात्राओं को पूर्व मैट्रिक छात्रावृति के चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक टांकडा ने कहा कि राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को विकास से जोड़ा है। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को साकार करते हुए समाज को ताकत देने का आह्वान किया। वहीं जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 दिन का उत्सव मनाया जा रहा है जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में महिला सम्मेलन में महिलाओं से संबंधित योजनाओं में राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तान्तरण किया गया है।
जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने महिला सम्मेलन को आत्मनिर्भर, आत्मसम्मान, आत्म समृद्धि और सशक्तिकरण का सम्मेलन बताते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक संबल देने और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं। जगमोहन मीना ने नारी को सृष्टि की उत्पति करने वाली बताते हुए आर्थिक आत्मनिर्भर एवं स्वावलम्बी जीवन के साथ सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामराज मीणा, जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर, विपिन जैन, एडवोकेट सियाराम शर्मा एवं किरण डोरिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व महिलाएं उपस्थित रही।