राष्ट्रीय निशानेबाजी में राजस्थान की बेटी साईमा सैयद का डबल धमाका
*राष्ट्रीय निशानेबाजी में राजस्थान की बेटी साईमा सैयद का डबल धमाका*
*राजा रणधीर सिंह मेमोरियल कप-2026 में ट्रैप में स्वर्ण, डबल ट्रैप में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास*
*मयूर चौपासनी स्कूल में प्रशिक्षक साईमा ने विद्यार्थियों के समक्ष पेश किया आदर्श उदाहरण*
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
पटियाला, 29 जुलाई। राजस्थान की प्रतिभाशाली निशानेबाज साईमा सैयद ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित राजा रणधीर सिंह मेमोरियल कप-2026 (शॉटगन इवेंट) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पटियाला स्थित न्यू मोती बाग गन क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता में साईमा ने महिला ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा डबल ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो पदक अपने नाम किए।
साईमा की यह उपलब्धि इसलिए और भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वो मूल रूप से हॉर्स राईडिंग खेल से जुड़ी है और उन्होंने कुछ समय पूर्व ही शॉटगन शूटिंग शुरू की है। कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण और कांस्य पदक जीतना उनकी अद्भुत प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।
मूलतः अंतरराष्ट्रीय एंड्यूरेंस (हॉर्स राईडिंग) खिलाड़ी साईमा सैयद घुड़सवारी सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्तमान में वह मयूर चौपासनी स्कूल, जोधपुर में हॉर्स राइडिंग कोच के रूप में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रेरणा का विषय है। साईमा ने स्वयं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर यह सिद्ध किया है कि एक श्रेष्ठ प्रशिक्षक केवल प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि अपने प्रदर्शन से भी विद्यार्थियों के सामने उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
साईमा ने यह ऐतिहासिक सफलता देश के विख्यात ट्रैप शूटर एवं राष्ट्रीय पदक विजेता सैयद जुनैद के मार्गदर्शन में कठोर अभ्यास और निरंतर मेहनत के बल पर अर्जित की। उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, समर्पण और आत्मविश्वास से कम समय में भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
राजस्थान की इस बेटी की दोहरी सफलता पर पूरे प्रदेश में हर्ष का वातावरण है। खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं विभिन्न खेल संगठनों ने साईमा सैयद को बधाई देते हुए इसे राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। विद्यालय परिवार ने भी उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से आशा की जा रही है कि साईमा की उपलब्धि से प्रेरित होकर विद्यालय के अनेक विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।