जातिगत जनगणना में 'रावणा' नाम दर्ज कराने का लिया संकल्प
जातिगत जनगणना में 'रावणा' नाम दर्ज कराने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले— रावणा नाम से ही समाज की बनेगी मजबूत पहचान
पाली, 11 जुलाई। रावणा राजपूत समाज पाली की ओर से शनिवार को सूर्या कॉलोनी स्थित समाज भवन में ओबीसी जातिगत जनगणना जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान समाज के
पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जातिगत जनगणना के दौरान जाति के कॉलम में 'रावणा' नाम अंकित करवाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह भाटी ने कहा कि प्रत्येक समाजबंधु जनगणना के दौरान अपनी जाति के रूप में 'रावणा' नाम ही दर्ज करवाए। इससे समाज की एक मजबूत एवं स्पष्ट पहचान बनेगी तथा सामाजिक एकजुटता को भी बल मिलेगा।
प्रदेश महामंत्री मूल सिंह गहलोत ने कहा कि जातिगत जनगणना समाज के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सही एवं एकरूप जानकारी दर्ज होने से समाज के वास्तविक आंकड़े सामने आएंगे, जिससे राजनीतिक प्रतिनिधित्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाज की भागीदारी को मजबूती मिलेगी।
समाज के संरक्षक मूल सिंह भाटी ने कहा कि जनगणना के दौरान घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि सर्वे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि समाज की प्रत्येक तहसील एवं इकाई स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से समाजबंधुओं को जातिगत जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी तथा उन्हें जनगणना में सही विवरण दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश युवा उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, बलवंत सिंह खींची, धन सिंह सांखला, नरपत सिंह सोलंकी, विक्रम सिंह भैंसाना, पूनम सिंह, बाबू सिंह परिहार, लाल सिंह पंवार, रतन सिंह झाला, बाबू सिंह गहलोत, राजेश सिंह आउवा, शैतान सिंह राठौड़, कल्याण सिंह सोलंकी, तेज सिंह, राम सिंह चौहान, राजू सिंह चौहान, प्रताप सिंह, पूनम सिंह सोलंकी, रणछोड़ सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।