इकरा एजुकेशनल सोसाइटी ब्यावर द्वारा अच्छे शिक्षक से महान शिक्षक की ओर एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण वर्क शॉप का आयोजन
इकरा एजुकेशनल सोसाइटी ब्यावर द्वारा अच्छे शिक्षक से महान शिक्षक की ओर एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण वर्क शॉप का आयोजन

वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
ब्यावर। इकरा एजुकेशनल सोसाइटी ब्यावर की ओर से रविवार को "अच्छे शिक्षक से महान शिक्षक की ओर" थीम पर एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण वर्क शॉप का आयोजन इकरा पब्लिक सेकेंडरी स्कूल ब्यावर में किया गया,जिसमें इकरा एजुकेशनल सोसाइटी के द्वारा ब्यावर जिले में संचालित सभी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों तथा शिक्षिकाओं ने भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत में सभी प्रतिभागियों का परिचय हुआ। इसके पश्चात सर्वप्रथम इकरा ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डॉयरेक्टर महबूब खान ने एक आदर्श और महान शिक्षक की विशेषताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि एक महान शिक्षक बच्चों को केवल ज्ञान ही स्थानांतरित नहीं करता बल्कि उनके अंदर ज्ञान की प्यास जगाता है और उनके दिलों और जीवन को बदलता है। एक आदर्श शिक्षक बच्चों को जीवन का उद्देश्य और विज़न देता है और उनके अंदर उच्च नैतिक मूल्यों को विकसित करता है।
कैरियर काउंसलर और सॉल्यूशन प्वाइंट जयपुर के डायरेक्टरआबिद खान ने मौजूदा दौर के विद्यार्थियों की मानसिकता को समझने के महत्व और उनकी आवश्यकता के अनुसार उन्हें सिखाने और पढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम कैसे सुधारा जाए और बोर्ड परीक्षा और नॉन बोर्ड परीक्षाओं की किस प्रकार तैयारी करवाई जाए इस विषय पर भी महत्वपूर्ण बातें बताईं।

इसके पश्चात इदराक रेजिडेंशियल एकेडमी सवाई माधोपुर के एकेडमिक डायरेक्टर आसिम खान ने विद्यार्थियों और बच्चों में आदर–सम्मान, ईमानदारी, जिम्मेदारी,दयालुता, अनुशासन, सेवा आदि नैतिक मूल्यों को कैसे परवान चढ़ाया जाए, इस विषय पर विस्तार से चर्चा की।
इदराक रेजिडेंशियल एकेडमी सवाई माधोपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर अबुल कलाम खान ने शिक्षक– अभिभावक संबंध और संवाद पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि अभिभावक शिक्षक के प्रतिस्पर्धी न होकर उनके सहायक और साझीदार हैं इसलिए उनके साथ संवाद के दौरान उन्हें धैर्य, सहानुभूति और सकारात्मक रूप से सुनना चाहिए। साथ ही उन्होंने शिक्षण कार्य में तकनीक और ए आई के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान "आदर्श क्लासरूम कैसा हो?" इस विषय पर सभी प्रतिभागियों ने विमर्श किया और अध्यापिका शमामा बानो, महमूदा बानो,मीनाक्षी भाटी और अध्यापक अनवर काठात ने इस विमर्श का निष्कर्ष प्रस्तुत किया।
अंत में सभी विषय विशेषज्ञ वक्ताओं को सोसाइटी की ओर से सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट किए गए तथा इकरा एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ जावेद हुसैन ने सभी विशेषज्ञ वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
