हज़रत मुहम्मद सल्ल० शिक्षाओं का असल फायदा तब है जब हम उस पर ईमानदारी से अमल करें : मुमताज अली
हज़रत मुहम्मद सल्ल० शिक्षाओं का असल फायदा तब है जब हम उस पर ईमानदारी से अमल करें : मुमताज अली
हजरत मुहम्मद सल्ल० की शिक्षाएं, संपूर्ण मानव जाति के लिए निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही


ब्यावर। जमाअत ए इस्लामी हिंद की ओर से ग्राम फतेहगढ़ सल्ला में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सीरत मुहिम के तहत 5 सितंबर को "हजरत मुहम्मद सल्ल० की शिक्षाएं, संपूर्ण मानव जाति के लिए" विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में तकरीबन 100 बच्चों और बच्चियों ने भाग लिया तथा हिंदी, उर्दू तथा अंग्रेजी तीनों भाषाओं में निबंध लिखे गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इकरा एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ जावेद हुसैन ने निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों और बच्चियों को मुबारक बाद पेश की और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुरआन में अल्लाह फरमाता है कि हजरत मुहम्मद सल्ल० के जीवन में हर उस व्यक्ति के लिए उत्तम आदर्श है जो ईश्वर और आख़िरत (परलोक) पर यकीन रखता है।उन्होंने कहा कि हज़रत मुहम्मद सल्ल० एक आदर्श शिक्षक, पड़ोसी, पिता,पति,शासक आदि थे। वे नैतिकता के उच्चतम शिखर पर प्रतिस्थापित थे।उन्होंने अपने कट्टर दुश्मनों और विरोधियों को भी सदैव माफ किया। उन्होंने सच्चाई, ईमानदारी, अमानतदारी, मां बाप के साथ नेक सुलूक, गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों के साथ भलाई तथा अच्छे और नेक कामों की शिक्षा दी और झूठ, बे ईमानी, शराब, जुआ,व्यभिचार, जुल्म ज्यादती, हिंसा आदि से बचने की न सिर्फ शिक्षा दी बल्कि साथ ही इन सभी बातों पर पहले स्वयं चलकर दिखाया।

इस अवसर पर जमाअत ए इस्लामी हिंद जिला अजमेर, ब्यावर और पाली के सह सचिव मुमताज अली ने भी सम्बोधित करते हुए निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों की हौसला अफज़ाई करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्म विश्वास पैदा करती है और उनके भविष्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने कहा कि हज़रत मुहम्मद सल्ल० की शिक्षाओं पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता का मकसद और महत्व बताते हुए कहा कि हज़रत मुहम्मद सल्ल० शिक्षाओं का असल फायदा तब है जब हम उस पर ईमानदारी से अमल करें।
कार्यक्रम में इकरा स्कूल ब्यावर के डायरेक्टर महबूब खान ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हज़रत मुहम्मद सल्ल० के जीवन में हम सभी के लिए एक आदर्श है। हज़रत मुहम्मद सल्ल० ने मां बाप, पड़ोसियों, रिश्तेदारों के साथ अच्छा सुलूक करने की शिक्षा दी। उन्होंने अपने विरोधियों के साथ भी अच्छा सुलूक किया। हम सभी को उनकी शिक्षाओं और आदर्श को अपनाने की आवश्यकता है।

निबंध प्रतियोगिता में सूफियाना बानो, आशियाना बानो और मुस्कान बानो को क्रमशः प्रथम,द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।इनके अतिरिक्त आलिया, यास्मीन, रिज़वाना,समीना,अब्बास, सानिया,तथा हीना को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में अब्दुर्रज्जाक ने सभी मेहमानों का शुक्रिया अदा किया और मौलानामुहम्मद सलीम ने दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में मुहम्मद अलीमुद्दीन, कैलाश, बाबूलाल,फरीदा बानो, सजना,सानिया,मुस्कान तथा अफ़ीफ़ा आदि कई गणमान्य जन मौजूद थे।