सोजत में वार्ड नंबर 18 के पार्षद मोहम्मद नासिर सिलावट का भव्य स्वागत, डोर-टू-डोर जाकर जताया आभार
सोजत में वार्ड नंबर 18 के पार्षद मोहम्मद नासिर सिलावट का भव्य स्वागत, डोर-टू-डोर जाकर जताया आभार
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। सोजत नगर पालिका चुनाव के बाद बाड़ेबंदी और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद वार्ड नंबर 18 से निर्वाचित पार्षद मोहम्मद नासिर सिलावट अपने वार्ड में लौटे तो वार्डवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पार्षद मोहम्मद नासिर सिलावट अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को मतदान करने के बाद एक भव्य जुलूस के रूप में अपने वार्ड नंबर 18 पहुंचे। जुलूस में ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक, बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। पूरे रास्ते में जगह-जगह वार्डवासियों ने फूल-मालाओं से लादकर और साफा पहनाकर उनका जोरदार स्वागत-सत्कार किया।

जुलूस के बाद पार्षद सिलावट ने जीत का श्रेय वार्ड वासियों को देते हुए डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। वे वार्ड के हर घर पहुंचे, प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिले और चुनाव में मिले अपार समर्थन व विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान वार्डवासियों को संबोधित करते हुए पार्षद मोहम्मद नासिर सिलावट ने कहा - "यह मेरी जीत नहीं, बल्कि आप सभी वार्डवासियों की जीत है। आपने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है, मैं जीवन भर उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। वार्ड का विकास, साफ-सफाई, पानी-बिजली और मूलभूत सुविधाएं मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। मेरा दरवाजा हर समय आप सबके लिए खुला रहेगा।"
उन्होंने कहा कि वार्ड की हर छोटी-बड़ी समस्या को वे नगर पालिका में पूरी मजबूती से उठाएंगे और वार्ड को एक आदर्श वार्ड बनाने का उनका संकल्प है। वार्डवासियों ने भी पार्षद को विश्वास दिलाया कि वे विकास के हर कदम में उनके साथ हैं। इस दौरान वार्ड में उत्सव जैसा माहौल रहा और सभी ने एक दूसरे के गले मिल कर बधाई और शुभकामनाएं दी।
