उपमाहापौर बने मेहबूब टी
29-29 मत पर अटकी उप महापौर की बाजी, लॉटरी से मेहबूब विजयी
65 में से 60 पार्षदों ने किया मतदान, एक नोटा और एक मत खारिज; लॉटरी में मेहबूब के नाम खुली पर्ची
पाली, 22 सितम्बर। नगर निगम आम चुनाव 2026 के तहत मंगलवार को उप महापौर पद के लिए हुए चुनाव में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मतदान के बाद दोनों प्रत्याशियों को समान 29-29 मत मिलने से परिणाम बराबरी पर अटक गया। इसके बाद निर्वाचन नियमों के तहत दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। लॉटरी में मेहबूब के नाम की पर्ची निकलने पर उन्हें उप महापौर पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि उप महापौर पद के लिए कुल छह जनों को आठ नामांकन पत्र वितरित किए गए थे। इनमें मेहबूब, विक्रमपाल सिंह एवं रईस अली ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया के बाद रईस अली ने अपना नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिया। इसके बाद उप महापौर पद के लिए मेहबूब और विक्रमपाल सिंह के बीच सीधा मुकाबला रह गया।
60 पार्षदों ने किया मतदान -सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि उप महापौर पद के चुनाव में नगर निगम के कुल 65 पार्षदों में से 60 पार्षदों ने मतदान किया। मतदान के दौरान एक मत नोटा के पक्ष में रहा, जबकि एक मत खारिज हो गया। इस प्रकार कुल 58 वैध मतों की गणना की गई।
दोनों को मिले 29-29 मत, लॉटरी से हुआ फैसला -मतगणना के दौरान मेहबूब और विक्रमपाल सिंह दोनों को 29-29 मत प्राप्त हुए। दोनों प्रत्याशियों के मत बराबर होने के कारण परिणाम पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। ऐसी परिस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत दोनों प्रत्याशियों की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। लॉटरी में मेहबूब के नाम की पर्ची खुली। इसके बाद उन्हें उप महापौर पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
ये रहे मौजूद -इस अवसर पर विशेषाधिकारी निर्वाचन पाली चौधरी बिरजू गोपाल, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार सुनील कुमार, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, अभिषेक चतुर्वेदी, गजेन्द्र दवे, तुलसीराम चौहान, ताराचंद सेजू, युजवेन्द्र खेमलानी, रामलाल मानपुरा सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।