अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2026
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2026
जोधपुर में अवैध घुसपैठ और सीमावर्ती चुनौतियों पर मंथन करेंगे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ
जोधपुर। सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा बदलती जनसांख्यिकी और सामाजिक-विधिक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए सूर्यनगरी में एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समागम होने जा रहा है। विधि संकाय जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) एवं सीमाजन कल्याण समिति राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में PM-USHA द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (हाइब्रिड मोड) का आयोजन 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक किया जाएगा ।
मुख्य न्यायाधीश करेंगे उद्घाटन
सम्मेलन का भव्य उद्घाटन 27 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा करेंगे।
दिग्गज विशेषज्ञों का रहेगा जमावड़ा
पश्चिमी राजस्थान की भौगोलिक संवेदनशीलता और सामरिक महत्व को देखते हुए इस सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु चतुर्वेदी एवं मुख्य वक्ता के रूप में सीमा जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक श्री मुरलीधर जी भिंडा अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सेवानिवृत्त डीआईजी एवं सीमाजन कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री महेंद्रपाल सिंह भाटी भी उपस्थित रहेंगे।
सामाजिक और भौगोलिक महत्व का संगम सम्मेलन का मुख्य विषय “अवैध सीमा-पार विस्थापन/घुसपैठ संबंधित चुनौतियाँ: विभिन्न विधिक जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक आयाम” रखा गया है ।
• भौगोलिक आयाम: अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में घुसपैठ के कारण उत्पन्न सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की जाएगी ।
• सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय प्रभाव अवैध विस्थापन से स्थानीय संसाधनों पर पड़ने वाले दबाव और सीमावर्ती क्षेत्रों के बदलते सामाजिक ढांचे का विधिक विश्लेषण किया जाएगा ।
• विधिक ढांचा: अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कानूनों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन होगा ।
यह तीन दिवसीय विचार-मंथन 01 मार्च 2026 को संपन्न होगा जिसमें देशभर के शिक्षाविद कानून विशेषज्ञ और नीति निर्धारक शामिल होंगे.