राजसखी मेले में उमड़ा जनसैलाबः

राजसखी मेले में उमड़ा जनसैलाबः

*राजसखी मेले में उमड़ा जनसैलाबः बाल विकास परियोजना, पाली की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने की जमकर खरीदारी*

पाली 25 फरवरी। जिला प्रशासन और राजीविका (राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद) के संयुक्त तत्वावधान में पाली में आयोजित राजसखी मेला महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन का प्रमुख मंच बनकर उभर रहा है। मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ और खरीदारी से इसका उत्साहपूर्ण माहौल साफ दिखाई दे रहा है।

राजीविका जिला प्रबंधक परियोजना ने बताया कि मेले के पांचवें दिन बाल विकास परियोजना, पाली की टीम ने मेले का भ्रमण किया। इस दौरान सीडीपीओ सुरभि चौहान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला समूहों के साथ विभिन्न स्टालों पर पहुंचीं और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने हस्तशिल्प खाद्य सामग्री और अन्य स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए स्टालों से उत्साहपूर्वक खरीदारी भी की।

मेले में आगंतुकों का उत्साह बिक्री के आंकड़ों में भी स्पष्ट नजर आ रहा है। 24 फरवरी को कुल बिक्री 2 लाख 73 हजार 987 रुपये दर्ज की गई, जबकि पिछले चार दिनों में कुल संचयी बिक्री 7 लाख 62 हजार 732 रुपये तक पहुंच गई है। यह बढ़ती बिक्री स्वयं सहायता समूहों की मेहनत और मेले की लोकप्रियता को दर्शाती है।

इस अवसर पर सुरभि चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराते हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी मजबूत होती है और परिवार की आय में भी सहयोग बढ़ता है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की।