पाली ब्लॉक की समीक्षा बैठक आयोजित
पाली ब्लॉक की समीक्षा बैठक आयोजित, विश्व जनसंख्या दिवस सप्ताह एवं टीबी मुक्त भारत अभियान पर दिया विशेष जोर*
पाली, 11 जुलाई 2026/ चिकित्सा विभाग की पाली ब्लॉक की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देश पर आयोजित की गई। बैठक में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन तथा पाली बीसीएमओ डॉ. सूर्यवीर सिंह ने बैठक में चिकित्सा विभाग के विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस मौके पर एडिशनल सीएमएचओ डॉ जीत कुमार गुर्जर ने कहा कि जिले में 11 से 18 जुलाई 2026 तक विश्व जनसंख्या दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों से निपटने के लिए परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा किशोर स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटा एवं स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज की आधारशिला है। परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों को अपनाकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है तथा परिवार के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आर्थिक स्थिति में सुधार संभव है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से परिवार कल्याण सेवाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के सभी प्रमुख सूचकांकों की समीक्षा करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग कराने, संदिग्ध मरीजों के एक्स-रे, CBNAAT एवं TrueNAT जैसी जांच समय पर कराने, टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने, अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने तथा मरीजों को निक्षय पोषण किट उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने, टीबी मरीजों की एचआईवी, वीडीआरएल एवं सिफिलिस जांच समय पर कराने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदांत गर्ग ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सजक व सतर्क रहने को कहा। साथ ही कहा कि चिकित्सा कर्मी अपने-अपने एरिया में मौसम बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वल गतिविधियां संपादित करें। बैठक में पाली बीसीएमओ डॉ सूर्यवीर सिंह ने पाली ब्लॉक की प्रगति के बारे में अवगत कराया। बैठक में एसटीएस महावीर सिंह ने स्वास्थ्य कार्मिकों को नवीन निक्षय ऐप के प्रभावी उपयोग, पात्र व्यक्तियों की आभा आईडी (ABHA ID) बनाने, टीबी मरीजों का डॉट्स (DOTS) पद्धति से नियमित उपचार, समयबद्ध फॉलोअप, आवश्यक जांच एवं Differentiated TB Care की रिपोर्टिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बैठक में सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आमजन तक स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए टीबी मुक्त भारत, जनसंख्या स्थिरीकरण तथा स्वस्थ एवं सशक्त राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पाली ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी नर्सिंग ऑफिसर वेनम आदि उपस्थित रहे।