रोडवेज बस का ड्राइवर एम डी ड्रग के साथ गिरफ्तार,
रोडवेज बस का ड्राइवर एम डी ड्रग के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने बस की जब्त
पाली। जिले की रोहट थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान रोडवेज बस के ड्राइवर से 1 लाख रुपए की एम डी ड्रग जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर बस को जब्त किया है।
रोहट एस एच ओ पदमपाल सिंह के अनुसार इस मामले में पाली रोडवेज डिपो के बस ड्राइवर सोहनलाल पुत्र भूराराम को गिरफ्तार किया गया है एवं बस को भी जब्त किया गया है। यह बस निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) से पाली होते हुए जोधपुर जा रही थी। मुकनपुरा गांव के पास रामदेव मंदिर के पास नाकाबंदी चल रही थी। इस दौरान शक के आधार पर पाली से आ रही रोडवेज बस को रोककर तलाशी ली। आरोपी ने ड्राइवर सीट के पीछे एक कार्टून में मेहंदी के पैकेटों के बीच एमडी का पैकेट छुपा रखा था।
इस पैकेट को खोलकर देखा तो उसमें 44.87 ग्राम एमडी मिली। जब ड्राइवर को लेकर इसके बारे में पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया जिसपर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।