ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रहेगा रद्द
ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रहेगा रद्द जोधपुर /उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर तकनीकी कार्य के कारण जनवरी में जैसलमेर जाने वाली दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की मौजूदा स्थिति अधिकृत माध्यमों से जरूर जांच लें।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के जैसलमेर और थैयात हमीरा स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 170 पर आरसीसी बॉक्स डालने का काम प्रस्तावित है। इस तकनीकी कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण कुछ दिनों के लिए ट्रेनों का संचालन पूरी रूट पर नहीं हो सकेगा।साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट पर असर
ट्रेन संख्या 20492 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 6 और 10 जनवरी को साबरमती से चलकर पोकरण स्टेशन तक ही संचालित होगी, यानी इन तिथियों में पोकरण से जैसलमेर के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी।
ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 और 11 जनवरी को जैसलमेर के स्थान पर पोकरण स्टेशन से रवाना की जाएगी, फलस्वरूप इन तारीखों पर पोकरण-जैसलमेर सेक्शन में इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।
लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस की नई व्यवस्था
ट्रेन संख्या 14704 लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस 7 और 11 जनवरी को लालगढ़ सेचलकर श्री भादरिया लाठी स्टेशन तक ही जाएगी और श्री भादरिया लाठी से जैसलमेर के बीच आंशिक रद्द मानी जाएगी।
ट्रेन संख्या 14703 जैसलमेर-लालगढ़ एक्सप्रेस इन्हीं तारीखों पर श्री भादरिया लाठी से लालगढ़ तक ही चलेगी, इस वजह से श्री भादरिया लाठी से जैसलमेर के बीच दोनों ही दिशाओं में आवागमन प्रभावित रहेगा।
डीआरएम त्रिपाठी ने कहा कि ब्लॉक अवधि के दौरान इन ट्रेनों की आंशिक रद्दीकरण और टर्मिनस परिवर्तन के कारण यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हो सकती है। इसलिए यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे के अधिकृत ऐप वेबसाइट हेल्पलाइन यापूछताछ केंद्रों से अपनी गाड़ी की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।