नीट पेपर लीक मामले में भाजपा पर बरसे अशोक गहलोत
नीट पेपर लीक मामले में भाजपा पर बरसे अशोक गहलोत
बोले- “अब खुद एक्सपोज हो गई भाजपा 22 लाख बच्चों के भविष्य से खिलवाड़”
जयपुर/ जोधपुर 13 मई।अशोक गहलोत ने नीट पेपर लीक मामले में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इससे देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। मीडिया से बातचीत और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा कि मामले में पकड़ा गया आरोपी भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है और उसके परिवार के कई लोगों की पहले ही नौकरी लग चुकी है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा लगातार कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की कोशिश करती रही, लेकिन अब खुद ही एक्सपोज हो गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2024, 2025 और 2026 में लगातार नीट के पेपर आउट होने के पीछे आखिर क्या कारण हैं।
उन्होंने कहा कि करीब 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर क्या गुजर रही होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है। यह केवल परीक्षा का मामला नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा मुद्दा है।
एसओजी की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
अशोक गहलोत ने एसओजी की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि मामला इतना गंभीर था तो एसओजी ने तत्काल एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आगे कर देना समाधान नहीं है, बल्कि सरकार को पूरे मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब धीरे-धीरे पूरे मामले की परतें खुलेंगी और सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।