जिले में 1500 ई-मित्र केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान संचालित’
जिले में 1500 ई-मित्र केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान संचालित’
पाली 8 मई। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, पाली द्वारा आमजन को पारदर्शी,l सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला ई-मित्र समिति अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार अप्रैल माह में जिलेभर में संचालित ई-मित्र केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के उपनिदेशक संजय खान ने बताया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों द्वारा सुनियोजित तरीके से अभियान संचालित करते हुए लगभग 1500 ई-मित्र केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 99 ई-मित्र केंद्र निर्धारित स्थान के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर संचालित पाए गए, जो नियमों के विरुद्ध है। वहीं 70 ई-मित्र केंद्रों पर विभागीय मापदण्डानुसार निर्धारित दर सूची प्रदर्शित नहीं मिली, जबकि आमजन को पारदर्शिता प्रदान करने के लिए इसका प्रदर्शन अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुछ ई-मित्र केंद्रों पर निर्धारित दरों से अधिक शुल्क (ओवरचार्जिंग) वसूलने के मामले भी सामने आए। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो।
उपनिदेशक ने बताया कि विभाग द्वारा सभी ई-मित्र संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने केंद्रों का संचालन केवल स्वीकृत स्थान से ही करें सभी सेवाओं की अद्यतन रेट सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित रखें तथा किसी भी परिस्थिति में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं वसूलें। निर्धारित नियमों एवं दिशानिर्देशों की पूर्ण पालना नहीं करने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-------