कुड़ी हाऊसिंग क्षेत्र में हटाया अतिक्रमण
कुड़ी हाऊसिंग क्षेत्र में हटाया अतिक्रमण जोधपुर / नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई के तहत मंगलवार को कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में सड़क किनारे बने अवैध ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया। हालांकि उन्हें दो घंटे का समय दिया गया और सामान हटाने के लिए कहा गया। साथ ही चेतावनी भी दी कि दोबारा अतिक्रमण होने पर सामान जब्त किया जाएगा। कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में गोरेश्वर महादेव मंदिर से पोकर स्वीट होम तक अतिक्रमण हटाया गया।
सड़क सीमा में आ रहे ठेलों, अवैध कैबिन, टीनशेड, चबूतरे, अस्थाई रेस्टोरेंट, ढाबे और रेस्टोरेंट को हटाया गया।
जिन लोगों ने दुकान के बाहर टीनशेड लगा रखे थे, उन्होंने इसका विरोध भी किया। हालांकि उन्हें दो घंटे का समय दिया, जिसके बाद उन्होंने अपनी मर्जी से टीनशेड और बाकी सामान हटा दिए।इस कार्रवाई के दौरान सामान भी जब्त किया गया। इस दौरान यातायात पुलिस व जोन प्रभारी मौजूद थे।