मृत गोवंश को दफनाने हेतु नगर पालिका को निर्देशित करने बाबत गौपुत्र सेना ने सौंपा ज्ञापन
मृत गोवंश को दफनाने हेतु नगर पालिका को निर्देशित करने बाबत गौपुत्र सेना ने सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। मृत गोवंश को दफनाने हेतु नगर पालिका को निर्देशित करने बाबत गौपुत्र सेना ने तहसील दार दिलीप सिंह को ज्ञापन सौंपा। गौपुत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि सोजत क्षेत्र एनएच-162 के अंतर्गत आता है, जहाँ प्रतिदिन बीमार एवं एक्सीडेंटग्रस्त गोवंश की सूचना गौपुत्र सेना को प्राप्त होती है। गौपुत्र सेना द्वारा धधेडी गांव में संचालित गौ चिकित्सालय में बीमार एवं घायल गोवंश का निशुल्क उपचार किया जा रहा है।
गौपुत्र सेना ने प्रशासन को अवगत कराया कि दिनांक 01 अगस्त 2022 से 06 मई 2026 तक नगर पालिका कार्यालय द्वारा मृत गोवंश को उठाने एवं दफनाने की व्यवस्था की जा रही थी, किन्तु 07 मई 2026 से अचानक मृत गोवंश उठाने से मना कर दिया गया। वर्तमान में धधेडी गौ चिकित्सालय परिसर में लगभग तीन मृत गोवंश पड़े हुए हैं, जिससे आइसोलेशन वार्ड में अत्यधिक दुर्गंध फैल रही है तथा अन्य गोवंशों के उपचार में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर पालिका प्रशासन एवं संबंधित पशु ठेकेदार को निर्देशित किया जाए कि धधेडी गौ चिकित्सालय से मृत गोवंश को तुरंत उठाकर उचित स्थान पर दफनाने की व्यवस्था की जाए।
गौपुत्र सेना ने यह भी बताया कि सोजत तहसील क्षेत्र में बीमार एवं एक्सीडेंटग्रस्त गोवंश के उपचार, रेस्क्यू एवं एडमिट करने की जिम्मेदारी पशुपालन विभाग की होती है, किन्तु वर्तमान में विभाग द्वारा ऐसी कोई समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। इसी कारण गो सेवा धाम समिति द्वारा धधेडी गौशाला अस्पताल में बेसहारा, बीमार एवं एक्सीडेंटग्रस्त गोवंश की सेवा एवं उपचार निशुल्क किया जा रहा है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि मृत गोवंश को उठाने एवं दफनाने हेतु तत्काल प्रभाव से उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे गौ चिकित्सालय में उपचार कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। इस दौरान गौपुत्र दिनेश मेवाडा (प्रदेश प्रभारी राजस्थान), बालकीसन उणेचा (जिला कोषाध्यक्ष), चेतन मेवाडा (जिला प्रधान महासचिव), राजकुमार सोनी, मोहित मेवाडा, नरेश अग्रवाल, जितु बोराणा, चंदन सिंह राणावत सहित कई गौभक्त उपस्थित रहे।