गाँधी वादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प
गांधीवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प तीन दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर में पाली जिले का प्रतिनिधित्व कर लौटे युवा जिला कॉर्डिनेटर जोगाराम सोलंकी-
पाली / महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर का आयोजन बाड़ा पदमपुरा टोंक रोड में किया गया। शिविर का उद्देश्य गांधीवादी विचारधारा को और अधिक मजबूती के साथ जन-जन तक पहुँचाना।
पाली जिले से महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के युवा प्रतिनिधि जोगाराम सोलंकी ने बताया कि शिविर का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित आवासीय शिविर में गांधी दर्शन, भारत निर्माण व संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सम्पूर्ण राजस्थान से आए गांधीवादी प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया युद्ध, हिंसा, कट्टरता और असहिष्णुता जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा आर सद्भाव के विचार पूरी मानवता को शांति और सहअस्तित्व का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि शक्तिशाली होने का अर्थ हिंसा और विनाश नहीं बल्कि मानवता की रक्षा, संवाद और शांति स्थापित करने की क्षमता होना चाहिए। गांधीवादी विचार आज भी समाज और विश्व को बेहतर दिशा देने की ताकत रखते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोड़ने और समाज में सकारात्मक चेतना मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
जोगाराम सोलंकी ने बताया कि शिविर में प्रदेश से आए प्रतिनिधियों एवं पूर्व मंत्री राजीव अरोड़ा, प्रदेश संयोजक श्याम सुंदर जोश, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष बी.एन.शर्मा तथा दिल्ली से आए प्रशिक्षक सचिन राव, संदीप दीक्षित और विक्रम स्वामी ने विभिन्न विषयों एवं सामाजिक सरोकारों पर प्रशिक्षण दिया।
पाली जिले से इस कार्यक्रम में गिरधारीसिंह राजपुरोहित एवं धर्मेंद्र गोयल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गांधीवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार सामाजिक समरसता नैतिक मूल्यों एवं जनजागरण को लेकर संकल्प लिया गया।