शाही पालकी में विराजेंगे ‘महेश’ राजसी ठाठ से निकलेगी शोभा यात्रा

शाही पालकी में विराजेंगे ‘महेश’ राजसी ठाठ से निकलेगी शोभा यात्रा

शाही पालकी में विराजेंगे ‘महेश’ राजसी ठाठ से निकलेगी सवारी - माहेश्वरी महाकुंभ शोभायात्रा दस को जीवंत हो उठेगा सतरंगी भारत

  जोधपुर। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के नेतृत्व व पश्चिमी राजस्थान प्रांतीय माहेश्वरी सभा के आतिथ्य व जोधपुर माहेश्वरी सभा की मेजबानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन व ग्लोबल एक्सपो को ऐतिहासिक बनाते हुए माहेश्वरी समाज की ओर से दस जनवरी को संदेश व शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें कई आकर्षण होंगे जो इसे भव्यता प्रदान करेंगे। संदेश यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों की सभ्यता संस्कृति, खान-पान व रहन-सहन को प्रदर्शित करती कई झांकियां सम्मिलित होंगी जिनसे साक्षात् भारत का सतरंगी दर्शन जींवत हो उठेगा। माहेश्वरी समाज के आराध्य भगवान महेश को शाही पालकी में विराजित कर राजसी ठाठ से सवारी निकाली जाएगी जो माहौल को अध्यात्म से सराबोर करेगी। शोभायात्रा सुबह यूनिवर्सिटी के केंद्रीय कार्यालय के बाहर शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को सलामी व श्रद्धांजलि देकर विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पॉलिटेक्निक ग्राउंड पहुंचेगी।

   अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी सभा के सभापति संदीप काबरा ने बताया कि संदेश व शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बैंड के साथ माहेश्वरी समाज के युवाओं की बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। मेहरानगढ़ सहरिया आरएसी एफओडी भटिंडा सहित विश्व की कई प्रसिद्ध बैंड तथा नौपत व शहनाई की सुमधुर स्वरलहरियों की जगलबंदी दर्शकों के श्रवण तंत्र में मिठास घोलेगी। अनाना की गेर कच्छी घोडी नृत्य सहित लोक कलाकार जोधपुराइट्स को रोमांचित करने में कोई कसर नहीं रखेंगे।

  पश्चिमी राजस्थान प्रांतीय माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष रतनलाल डागा ने बताया कि संदेश यात्रा में ‘जय-जय महेश-जय भारत देश’ स्वच्छ समाज-स्वस्थ भारत’, ‘बेटी ब्याहो-बहू पढ़ाओ’ ‘हमारा समाज-संस्कारित समाज ‘ए कम्यूनिटी कमिटेड टूवर्ड्स नेशन’ ‘एम्पावरिंग कम्यूनिटी-एम्पावरिंग नेशन’ ‘योगक्षेम व्हमवयं’ ‘सेवा त्याग सदाचार’ ‘साथ चलेंगे तभी बढ़ेंगे’ ‘पर्यावरण की रक्षा-देश की सुरक्षा’ सहित विभिन्न श्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से समाज विकास कुरीतियों का निदान, पर्यावरण संरक्षण व देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।

विभिन्न अंचलों का मनभावन स्वरूप

जोधपुर जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम मूंदड़ा ने बताया कि शोभायात्रा सुबह यूनिवर्सिटी के केंद्रीय कार्यालय के बाहर शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को सलामी व श्रद्धांजलि देकर विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पॉलिटेक्निक ग्राउंड पहुंचेगी। पूरे रास्ते विभिन्न सामाजिक धार्मिक स्वयंसेवी औद्योगिक व अन्य संगठनों की ओर से मारवाडी पंरपरा व पुष्प वर्षा कर से स्वागत किया जाएगा। संदेश यात्रा पूर्वांचल, पश्चिमांचल, उत्तरांचल, दक्षिणांचल मध्यांचल में विभक्त रहेगी जिनका स्वरूप बरबस ही ध्यानाकर्षण करेगा। शोभायात्रा में माहेश्वरी समाज के विशिष्ठ व्यक्तिY शामिल रहेंगे, जो पारंपरिक वेशभूषा में नेतृत्व करेंगे।

संकल्प से सिद्धि को जुटे साधक

  माहेश्वरी महाधिवेश व ग्लोबल एक्सपो को सफल बनाने में पश्चिमी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा जोधपुर जिला माहेश्वरी सभा माहेश्वरी युवा संगठन महिला संगठन पश्चिमी राजस्थान जिला सभाएं और सामाजिक संगठनों के साथ हजारों कार्यकर्ता इंजीनियर्स व प्रबुद्धजन जुटे हैं। इस दौरान समाजहित और देशहित में कार्य करने वाले युवा प्रतिभागियों का सम्मान भी होगा। तीन दिन ग्लोबल एक्सपो तथा दो दिन महाधिवेशन का आयोजन होगा। एक्सपो में सभी आमजनों का प्रवेश रहेगा वहीं महाधिवेशन में समाज द्वारा पंजीकृत एवं आमंत्रित बंधु ही प्रवेश पा सकेंगे। मारवाड़ ही नहीं राजस्थान का पहला अंतरराष्ट्रीय एक्सपो रहेगा जिसमे उद्यमी व कारोबारी अपने उत्पाद व सेवाओ का जीवंत प्रदर्शन करेंगे।