पल्स पोलियो अभियान को लेकर निकाली रैली

पल्स पोलियो अभियान को लेकर निकाली रैली

*पल्स पोलियो अभियान को लेकर निकाली रैली, दिया जागरूकता का संदेश*


पाली, 27 जून /जिले में 28 जून से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित बांगड़ चिकित्सालय से जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक खुराक अवश्य पिलाने का संदेश दिया गया।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जागरूकता रैली को बांगड़ चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. आर.के. बिश्नोई, आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत तथा डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली बांगड़ चिकित्सालय से प्रारंभ होकर सूरजपोल, अहिंसा सर्किल, जिला कलेक्ट्रेट, बांगड़ स्कूल, पंचायत समिति, पाली रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः बांगड़ चिकित्सालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। मार्ग में आमजन को पल्स पोलियो अभियान की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली में एएनएम एवं जीएनएम प्रशिक्षणार्थियों के साथ पाली शहर की आशा सहयोगिनियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी हाथों में जागरूकता बैनर लेकर "दो बूंद जिंदगी की", "हर बच्चा, हर बार – पोलियो की खुराक", "0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा न छूटे" तथा "आइए, पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें" जैसे प्रेरक नारे लगाते हुए शहरवासियों को जागरूक कर रहे थे।

सीएमएचओ  मारवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने क्षेत्र के निकटतम पोलियो बूथ पर पहुंचकर जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। साथ ही 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाने पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की जीवन रक्षक खुराक से वंचित न रहे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पाली द्वारा अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर उसे पोलियो की खुराक पिलाना तथा जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। 
रैली के अवसर पर बांगड़ अस्पताल के डॉ सुखदेव चौधरी, जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रिंसिपल बाबूलाल, ट्यूटर तनुज वैष्णव, संगीता आसेरी, पारसमल कुमावत, नर्सिंग ऑफिसर भूपेंद्र कुमार, डीपीसी आशा कुलदीप गोस्वामी, एलएचवी हेमलता पंवार, जितेंद्र जोशी, दिनेश तंवर, राकेश, सोहनलाल, मोहम्मद यूनुस, कुलदीप आदि उपस्थित रहे।