संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों में संशोधन की मांग, आंदोलन की चेतावनी
संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों में संशोधन की मांग, आंदोलन की चेतावनी
पाली, 10 अगस्त। राजस्थान सफाई मजदूर संघ की नवगठित कार्यकारिणी एवं समाजबंधुओं की आवश्यक बैठक सोमवार को लोडिया तालाब स्थित यूनियन कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक में संविदा सफाईकर्मी भर्ती के नियमों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए नियमों में संशोधन कर नई भर्ती गाइडलाइन जारी करने की मांग की गई।
जिला महामंत्री लक्ष्मण धन ढंजा ने बताया कि बैठक की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों की ओर से नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा का साफा, माला एवं मोमेंटो भेंट कर अभिनंदन किया गया।
भर्ती नियमों में बदलाव नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री नेमीचंद आदिवाल ने कहा कि संपूर्ण राजस्थान में संविदा सफाईकर्मी भर्ती को लेकर विरोध व्याप्त है। भर्ती में लागू किए गए नियमों को लेकर वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश है। उन्होंने सरकार से संविदा सफाईकर्मी भर्ती में लागू नियमों में संशोधन कर नई एवं स्पष्ट भर्ती गाइडलाइन जारी करने की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने कहा कि राजस्थान सफाई मजदूर संघ की ओर से संविदा सफाईकर्मी भर्ती के विरोध में जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने भर्ती के नियमों में बदलाव नहीं किया तो सफाईकर्मी एवं वाल्मीकि समाज की ओर से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बैठक में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष द्वारकाप्रसाद जावा, ओमप्रकाश, देवाराम ढंजा, नरेंद्र कुमार कंडारा, विक्रम रील, विनोद बीजवान, अशोक चनाल, कानाराम रल, दिलीप जावा, महेंद्र खिंची, हरिराम आदिवाल, सूरज आदिवाल, संतोष तेजी, नरपत कंडारा, अजय आदिवाल सहित बाहर से आए शिवकुमार चावरिया, अमर धामोनिया आदि मौजूद रहे।