बदमाशों ने रात को मोहल्लों में मचाया उत्पात गाड़ियों में की तोड़फोड़
बदमाशों ने रात को मोहल्लों में मचाया उत्पात गाड़ियों में की तोड़फोड़ जोधपुर/शहर के दो अलग-अलग थाना इलाकों में आधी रात को बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने लाठी-डंडों से लोगों के घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया और तोड़फोड़ कर फरार हो गए।
वारदात सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों के मोबाइल में कैद हो गई है, जिसके वीडियो अब वायरल हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ही वारदातों को अंजाम देने के पीछे एक ही शातिर गैंग का हाथ है, जिसने महज कुछ ही घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
प्रताप नगर सदर थाना इलाके के जगदम्बा कॉलोनी, पंचोलिया नाडी क्षेत्र में बीती रात करीब 11 बजकर 38 मिनट पर आधा दर्जन युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। सीसीटीवी फुटेज से सामने आया है कि दो स्कूटी पर सवार होकर करीब 6 युवक गली में दाखिल होते हैं।
इन बदमाशों के हाथों में लाठियां और लोहे के पाइप साफ नजर आ रहे हैं। एक स्कूटी की हेडलाइट ऑन रखकर बदमाश बीच रास्ते में खड़े हो जाते हैं और हाथों में हथियार लहराते हुए गली में खड़ी गाड़ियों के शीशे और अन्य हिस्से तोड़ने लगते हैं।
आधी रात को अचानक हुए इस हमले और चीख-पुकार से पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियारों का प्रदर्शन करते हुए बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए। दूसरी वारदात जोधपुर शहर के खांडा फलसा थाना क्षेत्र में बकरा मंडी, हरिजन बस्ती में हुई। यहां भी बदमाशों के इसी बेखौफ झुंड ने देर रात जमकर तांडव मचाया। इस घटना का एक वीडियो स्थानीय निवासी ने अपने घर की छत से मोबाइल के जरिए रिकॉर्ड किया है।
वीडियो में स्पष्ट देखा और सुना जा सकता है कि बदमाश नीचे खड़ी गाड़ियों पर ताबड़तोड़ डंडे बरसा रहे हैं। एक ही रात में मध्य रात्रि के समय दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इस एक जैसी वारदात से पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दोनों घटनाओं के पैटर्न, बदमाशों की संख्या, उनके पास मौजूद डंडे-पाइप और हुड़दंग करने के तरीके से पुलिस को अंदेशा है कि यह एक ही आपराधिक ग्रुप का काम है।
बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस या सीसीटीवी कैमरों का कोई डर नहीं है। इस गुंडागर्दी के कारण भीतरी शहर के निवासियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों थानों की पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर पड़ताल कर रही हैं।