कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित’

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित’
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित’

’कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित’

पाली, 01 जून। कृषि महाविद्यालय, सुमेरपुर में तृतीय वार्षिकोत्सव समारोह ‘हरित्मा 2026’ का आयोजन अत्यंत हर्षाेलाश और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन और छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक वंदना से हुई।

समारोह के दौरान मंत्री ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसमें एम.एससी. हॉर्टिकल्चर (फ्रूट साइंस) सहित बी.एससी. कृषि विज्ञान के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्रों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए गए।शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी कॉलेज का दबदबा देखने को मिला। विश्वविद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 23 पदक अपनी झोली में डाले, जिनमें 7 स्वर्ण (गोल्ड), 5 रजत (सिल्वर) और 11 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक शामिल हैं। मंत्री कुमावत ने इन सभी खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और इसे संस्थान के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर अव्वल रहे विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आपने अपने माता-पिता और इस संस्थान का नाम रोशन किया है, आपकी यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, अनुशासित जीवन और आपके गुरुजनों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है, उन्होंने कहा कि आगे जाकर देश के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देनी है। कुमावत ने कहा कि आज का युग आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि का युग है। आप सभी कृषि के छात्र हैं, इसलिए आपकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है और हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। सरकार पशुपालन, गोपालन और डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 इसके साथ ही, खेल के मैदान पर हमारे खिलाड़ियों ने जो कमाल किया है, वह वास्तव में सराहनीय है। आपने सुमेरपुर कृषि महाविद्यालय का गौरव पूरे विश्वविद्यालय स्तर पर बढ़ाया है। इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरू प्रो. डॉ. वीएस जैतावत, विश्वविद्यालय के निदेशक, छात्र कल्याण डॉ. एसआर कुमावत, पाली सरस डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीएसपी जितेंद्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष चर्तुभुज शर्मा, कृषि महाविद्यालय के विशेषाधिकारी डॉ. एमएल तेतरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

----------------------------