बांगड़ कॉलेज में AEDP पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ*
*राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोजगारपरक चार AEDP पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ*
पाली, 17 जुलाई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की Apprenticeship Embedded Degree Programme (AEDP) गाइडलाइन के अनुरूप राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में विद्यार्थियों को रोजगारपरक, कौशल आधारित एवं उद्योगों से जुड़ी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत अध्ययन के साथ-साथ विद्यार्थियों को उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण, रोजगार कौशल तथा स्टाइपेंड प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
नोडल अधिकारी डॉ. अपूर्व माथुर ने बताया कि जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय में चार नए रोजगारपरक AEDP पाठ्यक्रमों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें BFSI (वाणिज्य विभाग), Content and Creative Writing (अंग्रेजी विभाग), Tourism and Hospitality Operations (इतिहास विभाग) तथा Logistics (भूगोल विभाग) शामिल हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 70 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में इन चारों क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। BFSI के विद्यार्थी बैंक, बीमा कंपनियों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों एवं निवेश क्षेत्र में करियर बना सकते हैं। Content and Creative Writing के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल मीडिया, कंटेंट राइटिंग, कॉपीराइटिंग, सोशल मीडिया प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, तकनीकी लेखन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कंटेंट निर्माण जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध हैं। वहीं Tourism and Hospitality Operations के विद्यार्थी होटल उद्योग, पर्यटन विभाग, ट्रेवल कंपनियों, एयरलाइंस, हेरिटेज होटल, रिसॉर्ट एवं इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। Logistics पाठ्यक्रम सप्लाई चेन मैनेजमेंट, वेयरहाउसिंग, ई-कॉमर्स, परिवहन, निर्यात-आयात एवं वैश्विक लॉजिस्टिक्स उद्योग में करियर के नए द्वार खोलेगा।
सह-नोडल अधिकारी डॉ. विनीता अरोड़ा ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा Board of Apprenticeship Training (BOAT) के सहयोग से विद्यार्थियों को पांचवें एवं छठे सेमेस्टर में उनके विषयानुसार उद्योगों, कंपनियों, बैंकों, पर्यटन संस्थानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान विद्यार्थियों को प्रचलित नियमों के अनुसार न्यूनतम ₹8,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव एवं आर्थिक सहयोग दोनों प्राप्त होंगे, जिससे वे रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि AEDP के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल, अनुभव एवं आत्मविश्वास प्राप्त होगा, जिससे उन्हें डिग्री पूर्ण होने के बाद बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से इस अभिनव एवं रोजगारपरक योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
प्राचार्य ने बताया कि चारों AEDP पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा प्रवेश की अंतिम तिथि 21 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। प्रत्येक पाठ्यक्रम में सीटें सीमित हैं। इच्छुक विद्यार्थी समय रहते महाविद्यालय में संपर्क कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें, ताकि वे कौशल आधारित एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।
---------------