पाली: औद्योगिक इकाई में गार्ड की संदिग्ध मौत
पाली: औद्योगिक इकाई में गार्ड की संदिग्ध मौत, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही और मामले को दबाने के आरोप
पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित पुनायता की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मामले को दबाने का आरोप लगाया है। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान काला पीपल ढाणी निवासी भेराराम के रूप में हुई है, जो पुनायता स्थित फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार दोपहर बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल बांगड़ अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक भेराराम की मौत हो चुकी थी।
मृतक के परिजनों का कहना है कि भेराराम अपनी नियमित ड्यूटी के दौरान फैक्ट्री के मुख्य गेट पर तैनात था। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन अब घटना को अलग रूप देने की कोशिश कर रहा है। परिजनों के अनुसार, प्रबंधन की ओर से मौत का कारण लिफ्ट से गिरना बताया जा रहा है, जबकि वे इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि यह हादसा फैक्ट्री प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम है और अब सच्चाई छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही जाट समाज के बड़ी संख्या में लोग पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित हो गए। परिजन, ग्रामीण और समाज के लोगों ने मृतक को न्याय दिलाने तथा जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं, पूरे घटनाक्रम ने औद्योगिक इकाई में सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।