गुरु पूर्णिमा पर “मिशन पढ़ो राजस्थान” का जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित*
गुरु पूर्णिमा पर “मिशन पढ़ो राजस्थान” का जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित*
*मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संवाद, जिले के 1.23 लाख से अधिक विद्यार्थियों को गणवेश के लिए 7.39 करोड़ रुपये की डीबीटी राशि हस्तांतरित*
जोधपुर, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर, पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर, जोधपुर में “मिशन पढ़ो राजस्थान” के तहत जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक गुणवत्ता संवर्धन के उद्देश्य से “मिशन पढ़ो राजस्थान” कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क गणवेश उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की।
*जोधपुर जिले के 1 लाख 23 हजार 219 विद्यार्थी हुए लाभान्वित*
निःशुल्क यूनिफॉर्म डीबीटी कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत जोधपुर जिले के कुल 1 लाख 23 हजार 219 विद्यार्थियों को प्रति विद्यार्थी 600 रुपये के अनुसार कुल 7 करोड़ 39 लाख 31 हजार 400 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस राशि से विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा “मिशन पढ़ो राजस्थान” के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत को प्रोत्साहित कर उनकी भाषा दक्षता एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना है। इसके तहत विद्यालयों में नियमित पठन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा, स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक (क्षेत्रीय) श्री सुरेंद्र सिंह पुरोहित, संभागीय संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा, जोधपुर श्री हिम्मत सिंह तंवर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।