एक करोड़ से अधिक की लागत की ड्रग्स सहित एक गिरफ्तार
एक करोड़ से अधिक की लागत की ड्रग्स सहित एक गिरफ्तार जोधपुर /जिले में पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले को गिरफ्तार किया है। तस्कर के कब्जे से 545 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कॉर्पियो भी जब्त की।कमिश्नरेट स्पेशल टीम और पुलिस थाना लूणी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मगाराम उर्फ मगराज जाट (34) निवासी पंडितों का बास, चामू जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मादक पदार्थ के साथ पाली से रोहट होते हुए निकलेगा। इस पर शनिवार को लूणी क्षेत्र के काकांणी के पास हाईवे पर पुलिस ने नाकाबंदी की।इस दौरान एक रेस्टोरेंट के पास से घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 545 ग्राम एमडी बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इस ड्रग्स को प्रतापगढ़ निवासी आदिल खान नामक व्यक्ति से खरीदकर लेकर आया.इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।