रियायती ब्याज दर पर ऋण के लिए आशार्थियों के चयन

*रियायती ब्याज दर पर ऋण के लिए आशार्थियों के चयन बाबत*

*जिला स्तरीय अप्रैजल कमेटी की बैठक 05 एवं 06 फरवरी को*

पाली 04 फरवरी। कार्यालय परियोजना प्रबन्धक राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड पाली द्वारा अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग  स्वच्छकार/सफाईकर्मी वर्ग एवं विशेष योग्यजन वर्ग के 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न उद्योग एवं व्यवसायों के लिए रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाईन अनुजा निगम पोर्टल के माध्यम से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे।

अनुजा निगम के जे पी अरोड़ा ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग एवं आशार्थियों के चयन के उद्देश्य से जिला स्तरीय अप्रैजल कमेटी की बैठक अनुजा निगम कार्यालय पाली में 05 फरवरी 2026 एवं 06 फरवरी 2026 को प्रातः 10.30 बजे आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदकों के लिए बैठक  05 फरवरी 2026 को तथा अनुसूचित जनजाति स्वच्छकार/सफाईकर्मी विशेष योग्यजन एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदकों के लिए बैठक 06 फरवरी 2026 को आयोजित होगी।

सभी संबंधित आशार्थियों को सूचित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को आवेदन पत्र की प्रति, जाति प्रमाण पत्र राशन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र आय प्रमाण पत्र आधार कार्ड जन आधार कार्ड बैंक पासबुक की प्रति विकलांग प्रमाण पत्र, स्वच्छकार/सफाईकर्मी प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रत्येक की एक-एक फोटोप्रति के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। आशार्थियों को इस संबंध में पत्र एवं दूरभाष के माध्यम से सूचना प्रेषित की जा चुकी है।

अधिक जानकारी के लिए आशार्थी अनुजा निगम कार्यालय, राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड, पाली (राज.), कमरा संख्या 12 एवं 34 जिला परिषद्  कलेक्ट्रेट परिसर पाली में संपर्क कर सकते हैं।