समाज के निर्माण में प्रत्येक श्रमिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शशांक टाक
समाज के निर्माण में प्रत्येक श्रमिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शशांक टाक
लोटस पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर सामुदायिक सहायकों का सम्मान, विद्यार्थियों को कराया श्रम का महत्व अनुभव
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही

आज लोटस पब्लिक स्कूल, सोजत में अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस बड़े उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाले सामुदायिक सहायकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में कुम्हार श्री कानाराम कुम्हार, इलेक्ट्रीशियन श्री पुखराज परिहार एवं बढ़ई श्री कमलेश जांगिड़ ने अपने औजारों, उपकरणों एवं मशीनों के साथ उपस्थित होकर विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक कार्यशाला आयोजित की।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने इन सामुदायिक सहायकों के कार्यों को नजदीक से देखा, उनके हुनर को समझा तथा जाना कि किस प्रकार उनका अथक परिश्रम हमारे दैनिक जीवन को सुगम और व्यवस्थित बनाता है। बच्चों ने उत्सुकतापूर्वक प्रश्न पूछे और विभिन्न कार्यों की बारीकियों को समझा।

इस अवसर पर विद्यालय के केयरटेकर दीदियों एवं सुरक्षा गार्ड के निरंतर परिश्रम, समर्पण एवं विद्यालय परिवार के प्रति उनकी सेवाओं को भी विशेष रूप से सराहा गया। विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाध्यापक शशांक टाक ने सभी अतिथियों का सम्मान उनके कार्य से संबंधित उपयोगी उपकरण भेंट कर किया तथा विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हर कार्य सम्माननीय है और समाज के निर्माण में प्रत्येक श्रमिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “श्रम ही प्रगति का आधार है और श्रमिक हमारे समाज की वास्तविक शक्ति हैं। हमें सदैव उनके अधिकारों की रक्षा करने, उनके योगदान का सम्मान करने तथा उनके प्रति कृतज्ञ रहने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज के हर श्रमिक और सामुदायिक सहायक का सम्मान करेंगे, उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूक रहेंगे तथा उनके परिश्रम को सदैव आदर देंगे।
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।