दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

हुलिया बदलकर दिल्ली में काटी फरारी जोधपुर लौटते ही दबोचे गए दोनों पर थे 10-10 हजार के इनाम

जोधपुर/ शहर में दहशत का पर्याय बने दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। जोधपुर पुलिस की डीएसटी पश्चिम और प्रतापनगर सदर थाना की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वे पुलिस की टॉप-10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल थे।

पीड़िता के घर में घुसकर बर्बरता, इलाके में मचाया आतंक

15 दिसंबर को प्रतापनगर सदर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 14 दिसंबर की शाम करीब 6:45 बजे आरोपी एकजुट होकर पीड़िता के घर में घुसे। उन्होंने पीड़िता से गाली-गलौज, मारपीट, उसके कपड़े फाड़े नाबालिग बेटी पर हमला किया और उसे अगवा करने की कोशिश तक की। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़े और पत्थरबाजी कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

इस सनसनीखेज मामले में पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया। मुख्य आरोपी संजय परिहार और मुकेश उर्फ मयूर लंबे समय से फरार थे।

दिल्ली से जोधपुर तक हाई-वोल्टेज पीछा

आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रतापनगर सदर थानाधिकारी गोविंद व्यास और डीएसटी प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी दिल्ली में छिपे हुए हैं। टीम ने तुरंत दिल्ली में दबिश दी, लेकिन भनक लगते ही आरोपी भाग निकले।

इसके बाद सूचना मिली कि वे ट्रेन से जोधपुर लौट रहे हैं। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए जोधपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। आरोपी हुलिया बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन सख्त पूछताछ में उनकी असल पहचान सामने आ गई।

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर दर्ज हैं कई गंभीर मामले

गिरफ्तार आरोपी संजय परिहार प्रतापनगर सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है जबकि मुकेश उर्फ मयूर सूरसागर थाने का दोनों के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और लंबे समय से आमजन में भय का माहौल बनाए हुए थे।

गिरफ्तार आरोपी:

संजय परिहार (24) पुत्र गजेंद्र परिहार, निवासी एलएल कॉलोनी, थाना प्रतापनगर सदर, जोधपुर पश्चिम।

मुकेश उर्फ मयूर (25) पुत्र नेमीचंद, निवासी राजबाग, थाना सूरसागर, जोधपुर पश्चिम।

पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ है इस कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ित परिवार को राहत मिली है बल्कि शहर में अपराधियों के हौसले भी पस्त हुए हैं।