आवारा पशुओं पर सख्ती: नगर पालिका ने शुरू की विशेष अभियान की तैयारी
आवारा पशुओं पर सख्ती: नगर पालिका ने शुरू की विशेष अभियान की तैयारी
वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल समद राही
सोजत। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर पालिका द्वारा शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है।
अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के अनुसार, अब किसी भी पशुपालक द्वारा अपने पशुओं को खुले में छोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें और उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही रखें।
अभियान के तहत शहर की प्रत्येक गौशाला को एक विशिष्ट रंग (कलर कोड) आवंटित किया गया है, जिससे वहां रखे गए पशुओं की पहचान आसानी से की जा सके। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि एक बार गौशाला में भेजे गए पशुओं को दोबारा खुला नहीं छोड़ा जाए।
नगर पालिका टीम द्वारा पशुपालकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें नियमों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा शहर में आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु जागरूकता फैलाई जा रही है।
नगर पालिका ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आवारा पशुओं की सूचना तुरंत पालिका को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और शहर को सुरक्षित व स्वच्छ बनाया जा सके।