धींगाणा में बालिकाओं को साईकिल वितरण

धींगाणा में बालिकाओं को साईकिल वितरण

धींगाणा में बालिकाओं को साईकिल वितरण

बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार की सराहनीय पहल

धींगाणा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साईकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत कक्षा 9 में अध्ययनरत 17 छात्राओं को साईकिलें वितरित की गईं, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल सके और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सतेन्द्र प्रकाश राजपुरोहित ने की। उन्होंने बताया कि विद्यालय की कक्षा 9 में अध्ययनरत सभी पात्र छात्राओं को साईकिल प्रदान की गई हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशासक बीरबल राम विश्नोई रहे, जबकि विधायक प्रतिनिधि नारायण पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जीएसएस अध्यक्ष श्याम लाल श्रवण साहू, सुभाष भींयाराम धन्नाराम बेरा मुकेश व्यास वीरेंद्र लिंबा भरत सिंह शारदा कुमावत एवं सोहन लाल पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। मुख्य अतिथि बीरबल राम विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति उनके आत्मविश्वास को मजबूत करती है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने और शिक्षा को जीवन की सफलता की मजबूत नींव बनाने का आह्वान किया।

विधायक प्रतिनिधि नारायण पटेल ने कहा कि “जब एक बालिका शिक्षित होती है, तो एक नहीं बल्कि दो परिवार शिक्षित होते हैं।” उन्होंने सरकार की इस योजना को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।

विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में साइकिल प्राप्त कर कक्षा 9 की छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलकता नजर आया।