नर्सेज व पैरामेडिकल की मेरिट-बोनस आधारित नियमित भर्ती की मांग तेज
नर्सेज व पैरामेडिकल की मेरिट-बोनस आधारित नियमित भर्ती की मांग तेज
राजस्थान यूटीबी-निविदा नर्सेज संघर्ष समिति जोधपुर ने विधायक व एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जोधपुर।राजस्थान यूटीबी-निविदा नर्सेज संघर्ष समिति, जोधपुर द्वारा नर्सिंग ऑफिसर सहित एएनएम व पैरामेडिकल कार्मिकों की मेरिट एवं बोनस के आधार पर नियमित भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया गया है। समिति ने ओसियां विधायक भैराराम सियोल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की।
संघर्ष समिति ने ज्ञापन में 12हजार नर्सिंग ऑफिसर 5हजार एएनएम एवं 4 हजार पैरामेडिकल पदों पर तुरंत नियमित भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की आवश्यकता जताई। समिति ने बताया कि वर्ष 2024-25 के बजट में 4 हजार नर्सिंग ऑफिसर पदों तथा वर्ष 2025-26 के बजट में 1500 पदों की घोषणा की गई थी। इसके अतिरिक्त जुलाई 2025 में पदोन्नति के पश्चात 1500 पद रिक्त हुए हैं।
समिति का कहना है कि प्रदेश में सीएचसी व पीएचसी के क्रमोन्नयन के बाद बढ़ी स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए यह संख्या अत्यंत अपर्याप्त है। वर्तमान में बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मी यूटीबी, निविदा, प्लेसमेंट एजेंसियों, एनजीओ तथा 108/104 एम्बुलेंस सेवाओं में वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं लेकिन उन्हें अब तक स्थायी सेवा का लाभ नहीं मिल पाया है।
लंबे समय से अस्थायी व्यवस्था में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर मानसिक एवं आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। संघर्ष समिति ने मांग की कि 10 - 20 एवं 30 वर्ष के अनुभव के आधार पर रिक्त पदों पर मेरिट-बोनस सहित नियमित भर्ती की जाए।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघर्ष समिति संयोजक महिपाल जाणी कार्यकारिणी अध्यक्ष घनश्यामसिंह मेड़तिया देवेंद्र गोदारा,श्रवण कुमार उम्मेदाराम रेवंतराम सूर्यप्रकाश लुंबाराम गोदारा भंवराराम दिनेश मेघवाल भीखाराम सहित बड़ी संख्या में नर्सेज एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।