अवैध पेट्रोलियम पदार्थ भण्डारण पर बड़ी कार्यवाही 38 ड्रम जब्त
अवैध पेट्रोलियम पदार्थ भण्डारण पर बड़ी कार्यवाही, 38 ड्रम जब्त
पाली 02 फरवरी/ रविवार को पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार एवं प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्रसिंह अशिया द्वारा नेशनल हाईवे एनएच-62 पर सिन्दरू सरहद, इण्डियन जोधपुर-बाड़मेर होटल गुरुद्वारों के पास तहसील सुमेरपुर क्षेत्र में पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध भण्डारण के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
मौके पर एक पिकअप वाहन संख्या आर.जे. 24 जीए 5292 में 6 ड्रम तथा एक ड्रम वाहन के पास रखा हुआ पाया गया, जिनमें कुल 1हजार 240 लीटर डीजल जैसा पेट्रोलियम पदार्थ भरा होना प्रतीत हुआ। इसी क्रम में जांच के दौरान कालिया मगरा बरसाती नाला, दुजाना सरहद क्षेत्र में स्थित खेत के पास सरकारी भूमि पर खुले में कई ड्रम बिखरे हुए पाए गए। निरीक्षण करने पर कुल 31 ड्रमों में लगभग 5 हजार 960 लीटर समान पेट्रोलियम पदार्थ पाया गया। मौके पर कोई मालिक अथवा संचालक उपस्थित नहीं मिला जिस पर पुलिस द्वारा अनुसंधान जारी है।
इस प्रकार कुल 38 ड्रमों में बरामद पेट्रोलियम पदार्थ सहित पिकअप वाहन संख्या आर.जे. 24 जीए 5292 को जब्त कर अग्रिम आदेश तक सुरक्षित रखने हेतु पुलिस निरीक्षक, पुलिस थाना साण्डेराव को सुपुर्द किया गया। साथ ही 1-1 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ के नमूने कंटेनरों में लेकर एल्यूमिनियम बॉक्स में सील कर एफएसएल जांच हेतु भिजवाए जा रहे हैं। प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।