आईएडब्लूजे जिला इकाई की बैठक आयोजित
पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन रहेगा सदैव प्रतिबद्ध : मनवीर सिंह चुंडावत आई एफ डब्लू जे जिला इकाई बैठक आयोजित
अजमेर। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की जिला इकाई के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन अजमेर क्लब में किया गया। बैठक में जिला सलाहकार प्रेम आनंदकर एवं प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एकचुनौतीपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण क्षेत्र बन चुका है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर संघर्षरत है और भविष्य में इस मांग को और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा शीघ्र ही व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा तथा सभी उपखंडों में अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही राजस्थान की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन का विस्तार करते हुए अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। पत्रकारों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रुप बीमा एवं मेडिक्लेम पॉलिसी की व्यवस्था भी सामूहिक रूप से की जाएगी।
चुंडावत ने कहा कि आगामी समय में पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर प्रदेश के सभी विधायक एवं सांसदों से समर्थन पत्र लिए जाएंगे। बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारों को नई चुनौतियों के लिए तैयार करने हेतु कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला सलाहकार प्रेम आनंदकर ने पत्रकारों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकार समाज की आवाज हैं और उनकी एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत का साफा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया। साथ ही नवगठित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें प्रेम आनंदकर एवं नरेश राघनी को संरक्षक, आनंद कुमार शर्मा को जिलाध्यक्ष, योगेश सारस्वत एवं नवाब हिदायतउल्ला को उपाध्यक्ष, मोंटी सिंह राठौड़ को महासचिव, सुशील पाल को प्रवक्ता, कौशल जैन को कोषाध्यक्ष, दुर्गेश डबरा को सह सचिव, अधिवक्ता संदीप धभाई को कानूनी सलाहकार तथा आशीष शर्मा, रणजीत सिंह, पंकज कुलियाना, शिखा शर्मा, मनीषा शर्मा एवं महिला इकाई की रेखा को सदस्य मनोनीत किया गया।
इस दौरान प्रेम आनंदकर ने पूर्व अध्यक्ष बालकिशन शर्मा एवं शुभम जैन और अशोक सिंह भाटी का भी माला पहनाकर स्वागत किया। वरिष्ठ विधि सलाहकार अधिवक्ता संदीप धभाई ने पत्रकारों को निशुल्क कानूनी सहायता एवं हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अशोक सिंह भाटी, कौशल सेन, दिनेश गहलोत, महेंद्र टाक सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा पत्रकार हितों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।