रात के अंधेरे में हाईवे के नीचे सुरंग बनाकर अवैध जल कनेक्शन
*रात के अंधेरे में हाईवे के नीचे सुरंग बनाकर अवैध जल कनेक्शन ग्रामीणों की सतर्कता से खुला खेल*
केरू क्षेत्र के निकटवर्ती लोरड़ी देजगरा ग्राम पंचायत की सरहद में जोधपुर–जैसलमेर नेशनल हाइवे 125 पर शनिवार देर रात पानी की मुख्य पाइपलाइन से अवैध जल कनेक्शन लेने का गंभीर मामला सामने आया। रॉयल्टी नाके के पास स्थित एक निजी फार्म हाउस के लिए बिना किसी अनुमति के नेशनल हाइवे के नीचे सुरंग बनाकर जल कनेक्शन लिया जा रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल कार्य को रुकवाया और राजीव गांधी नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से सुरंग निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर संबंधित लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग पाइपलाइन सप्लाई फर्म के ठेकेदार एवं एनएचएआई अधिकारियों से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। जलदाय विभाग के अभियंता महेन्द्र किराड़ ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।